सारण: परसा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आगाज, हाथी-घोड़े और आकर्षक झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा

परसा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जय कन्हैया लाल के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। जानें महोत्सव की पूरी जानकारी।

Saran News : श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित नौवें श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समारोह का शुक्रवार को भव्य एवं दिव्य आगाज हुआ. भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर निकाली गई आकर्षक शोभायात्रा से पूरा परसा नगर भक्तिमय हो उठा. हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण कृष्णमय नजर आया. जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया.

हाथी-घोड़े, ऊंट और झांकियों ने बढ़ाई शोभायात्रा की भव्यता

पूजा समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र यादव के नेतृत्व में हाथी, घोड़े, ऊंट, डीजे, बैंड-बाजे और विभिन्न आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई. शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु उत्साह के साथ "हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की", "जय श्रीकृष्ण" और "राधे-राधे" के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे. जयघोष से पूरा परसा नगर गूंजायमान हो उठा.

हाई स्कूल परिसर से शुरू हुई शोभायात्रा

शोभायात्रा की शुरुआत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, परसा के परिसर से हुई. इसके बाद दरोगा राय चौक, परसा बाजार और पोझी चौक होते हुए शोभायात्रा पोझी गांव पहुंची. यहां भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की आकर्षक प्रतिमा को शोभायात्रा में शामिल किया गया. इसके बाद श्रद्धालुओं का जत्था थाना रोड होते हुए वापस हाई स्कूल परिसर पहुंचा.

झांकियों और डीजे की धुन पर झूमे श्रद्धालु

शोभायात्रा में सजी आकर्षक झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं. हाथी, घोड़े और ऊंट के साथ सुसज्जित झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा. वहीं डीजे और बैंड-बाजे की धुन पर युवा श्रद्धालु नाचते-गाते हुए शामिल हुए. बच्चे, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सराबोर नजर आए.

वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई प्रतिमा स्थापना

शोभायात्रा के हाई स्कूल परिसर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की प्रतिमा स्थापित की गई. इसके बाद पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई. पूजा के दौरान पूरा परिसर "राधे-राधे" और "जय श्रीकृष्ण" के जयकारों से गूंजता रहा.

9 सितंबर तक चलेगा धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सव

पूजा समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र यादव ने बताया कि इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का यह नौवां वर्ष है. जन्मोत्सव के अवसर पर 9 सितंबर तक भव्य मेले का आयोजन किया गया है. छह दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं और अन्य मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

उन्होंने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, शांति और सौहार्द को बढ़ावा देना है. समिति की ओर से मेले और जन्मोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले और महोत्सव में शामिल होने की अपील की.

हजारों श्रद्धालु बने भव्य शोभायात्रा के साक्षी

भव्य शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण पूरा परसा नगर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया. जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा देखने के लिए भीड़ लगा दी. भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया.

इस अवसर पर डॉ. नागेश्वर प्रसाद राय, अर्जुन सिंह, नागेश्वर सिंह, शिव कुमार सिंह, शैलेन्द्र विद्यार्थी, चंदन कुमार, राजनाथ राय, उमेश राय, रामलगन साह, तूफान सिंह, पंकज साह, अरुण यादव, सत्येंद्र राय, भूलन सिंह, विकास सिंह, अर्जुन यादव, मनोहर राय, भोला शर्मा, रोहित कुमार, संजय कुमार राय, फैज आलम, ओमप्रकाश राय सहित कृष्ण पूजा समिति के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.

शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network
शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network
शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद युसूफ

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >