कचहरी स्टेशन पर दो गुटों में चाकूबाजी और फायरिंग, तीन घायल

नगर थाना क्षेत्र के कचहरी स्टेशन के समीप गुरुवार की दोपहर युवकों के दो गुटों के बीच लाठी-डंडे से जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई.

छपरा. नगर थाना क्षेत्र के कचहरी स्टेशन के समीप गुरुवार की दोपहर युवकों के दो गुटों के बीच लाठी-डंडे से जमकर मारपीट और चाकूबाजी हुई. इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग किए जाने से इलाके में अफरातफरी मच गयी. घटना में तीन युवक चाकू लगने से घायल हो गये. घायलों में भगवान बाजार थाना क्षेत्र के नबीगंज मुहल्ला निवासी विजय साह का 23 वर्षीय पुत्र अनुभव कुमार, नगर थाना क्षेत्र के कचहरी स्टेशन मुहल्ला निवासी फागू लाल का पुत्र रंजीत कुमार तथा आशीष कुमार शामिल हैं. बताया जाता है कि अनुभव कुमार को सिर सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में नौ जगह चाकू से वार किया गया है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. तीनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. इस संबंध में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक अर्जुन कुमार ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. स्थानीय लोगों के अनुसार शिल्पी सिनेमा चौक स्थित पुलिस क्लब गायत्री मंदिर परिसर में लगे मेले में झूला झूलने को लेकर युवकों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था. बाद में यह विवाद कचहरी स्टेशन के पास एक चाय दुकान के समीप मारपीट और चाकूबाजी में तब्दील हो गया. बताया जाता है कि नबीगंज मुहल्ला निवासी अनुभव कुमार और कचहरी स्टेशन क्षेत्र के रंजीत कुमार व आशीष कुमार के बीच यह झड़प हुई, जिसमें तीनों घायल हो गये. घटना की जानकारी मिलने पर भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का बयान दर्ज किया. नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Alok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >