saran Flood News : दिघवारा प्रखंड के त्रिलोकचक पंचायत के केसरपुर के समीप माही नदी का टूटा बांध तीन दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार को दुरुस्त कर लिया गया. बांध की मरम्मती पूरी होने के बाद टूटे हिस्से से पानी का बहाव पूरी तरह बंद हो गया है. इससे त्रिलोकचक, कुरैया और बरुआ पंचायत के हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है.
सैकड़ों मजदूरों ने तीन दिन तक की कड़ी मेहनत
शनिवार की अहले सुबह माही नदी के तेज प्रवाह के कारण केसरपुर के समीप बांध टूट गया था. बांध टूटने के बाद नदी की धारा मुड़ गयी और बड़ी मात्रा में पानी निचले इलाकों में प्रवेश करने लगा. इससे आसपास के दर्जनों गांवों में अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गयी थी. प्रशासनिक तत्परता के बीच बांध की मरम्मती का काम तत्काल शुरू कराया गया.
बांध टूटने से तीन पंचायतों पर मंडरा रहा था बाढ़ का खतरा
बांध टूटने के कारण त्रिलोकचक, कुरैया और बरुआ पंचायतों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया था. निचले इलाकों में तेजी से पानी पहुंचने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गयी थी. सोमवार शाम तक बांध की मरम्मती पूरी होने के बाद इन पंचायतों की ओर पानी का बहाव रुक गया है.
डीएम और एसएसपी की निगरानी में तेज हुआ मरम्मती कार्य
बांध टूटने की सूचना के बाद डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रौशन कुमार की तत्परता से मरम्मती कार्य शुरू कराया गया. स्थानीय पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सैकड़ों मजदूर लगातार काम में जुटे रहे. तीन दिनों की मेहनत के बाद टूटे बांध को बांधने में सफलता मिली.
पानी का बहाव रुका, ग्रामीणों के चेहरों पर लौटी खुशी
बांध की मरम्मती पूरी होने के बाद माही नदी के पानी का बहाव टूटे हिस्से से बंद हो गया है. इससे निचले इलाकों में पानी के प्रवेश पर भी रोक लगी है. बांध दुरुस्त होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. हालांकि प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
