पांच फरवरी से ऑनलाइन मोड में भरा जायेगा जेपीयू में स्नातक फर्स्ट सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म

चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के अंतर्गत फर्स्ट सेमेस्टर सत्र 2025-29 की परीक्षा के लिए कल से ऑनलाइन मोड में फॉर्म भरा जायेगा.

छपरा. चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के अंतर्गत फर्स्ट सेमेस्टर सत्र 2025-29 की परीक्षा के लिए कल से ऑनलाइन मोड में फॉर्म भरा जायेगा. सभी कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर इस संदर्भ में सूचना प्रकाशित कर दी गयी है. वहीं विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर भी फॉर्म भरने से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध करा दी गयी है. परीक्षा नियंत्रक डॉ अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि परीक्षा फॉर्म पांच से 15 फरवरी तक भरा जायेगा. छात्रों को सबसे पहले विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा. उसके बाद उसकी एक कॉपी निकाल कर सभी जरूरी कागजातों के साथ संलग्न करने के बाद विभाग में सत्यापित करना होगा. परीक्षा फॉर्म भी ऑनलाइन ही जमा होगा. जिसका लिंक भी विश्वविद्यालय के पोर्टल पर उपलब्ध है. परीक्षा फॉर्म भरने के लिए 600 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. परीक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार परीक्षा फार्म के साथ पूर्व की परीक्षा का प्रवेश पत्र, अंक पत्र, पंजीयन प्रमाण पत्र आदि संलग्न करना होगा. परीक्षा नियंत्रक ने सभी छात्रों से अपील करते हुए कहा है कि ऑनलाइन फॉर्म भरते समय काफी सावधानी बरतें. क्योंकि पूर्व के कई सत्रों में ऑनलाइन फॉर्म भरने के दौरान छात्र-छात्राओं ने काफी त्रुटियां कीं. जिस कारण एडमिट कार्ड जारी करने तथा अंक पत्र जारी करने में परेशानी आयी. ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद पहले महाविद्यालय स्तर पर उसका वेरिफिकेशन होगा. उसके बाद ही फॉर्म को आगे विश्वविद्यालय के पास फॉरवर्ड किया जायेगा. विश्वविद्यालय में फॉर्म की जांच के उपरांत एडमिट कार्ड जारी किया जायेगा.

फॉर्म भरने के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी

विश्वविद्यालय ने सभी कॉलेज के प्राचार्यों को स्पष्ट गाइडलाइन जारी किया है कि जिन छात्रों की उपस्थिति 75 फीसदी से कम होगी.वह परीक्षा फॉर्म नहीं भर सकेंगे. यदि ऑनलाइन फॉर्म भर भी लेते हैं, तो महाविद्यालय में वेरिफिकेशन के दौरान विभागाध्यक्षों को छात्रों की उपस्थिति का प्रतिशत जांच करना होगा. यदि छात्रों की उपस्थिति 75 प्रतिशत से कम है, तो उनका फार्म स्वीकृत नहीं होगा. विशेष परिस्थिति में फार्म स्वीकृत कराने के लिए छात्रों को प्राचार्य से मिलना होगा. यदि कम उपस्थिति होने का उचित कारण छात्र-छात्राएं प्रस्तुत करते हैं, तब जाकर उन्हें फॉर्म भरने की अनुमति मिल सकती है. विदित हो कि स्नातक सत्र 2025-29 में निर्धारित समय पर नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमित रूप से कॉलेजों में कक्षाएं चल रही हैं. ऐसे में कुलपति के निर्देश पर फॉर्म भरने के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति की अनिवार्यता लागू की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >