JPU Spot Admission 2026: 27 अगस्त को होगा स्नातक में स्पॉट एडमिशन, 25 को जारी होगी सूची

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए स्पॉट एडमिशन का अंतिम मौका 27 अगस्त को है. 25 अगस्त को समर्थ पोर्टल पर आवेदकों की सूची जारी की जाएगी. छात्रों को सभी मूल शैक्षणिक दस्तावेज लेकर निर्धारित केंद्र पर पहुंचना होगा.

JPU Spot Admission 2026: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया 27 अगस्त को होगी. इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से पहले ही नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है. नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 23 अगस्त को पूरी हो गयी. अब प्राप्त आवेदनों का सत्यापन किया जा रहा है. 25 अगस्त की शाम तक समर्थ पोर्टल पर आवेदकों की सूची जारी कर दी जायेगी.

जिन छात्र-छात्राओं ने स्पॉट एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है, उन्हें 27 अगस्त को निर्धारित कॉलेज या केंद्र पर पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी. इसे लेकर संबंधित कॉलेजों में भी तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं.

सभी मूल कागजात लेकर पहुंचना होगा

विश्वविद्यालय की ओर से छात्रों को निर्देश दिया गया है कि नामांकन स्थल पर पहुंचने से पहले सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेज तैयार रखें. ऑनलाइन आवेदन की एक प्रति डाउनलोड कर उसके साथ इंटरमीडिएट परीक्षा का अंकपत्र, प्रवेश पत्र, प्रमाणपत्र, सीएलसी या एसएलसी तथा लागू होने की स्थिति में जाति, आवासीय और माइग्रेशन प्रमाणपत्र सहित नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो लेकर जाना होगा.

वेरिफिकेशन के दौरान सभी मूल प्रमाणपत्रों की भी जांच की जायेगी. ऑनलाइन आवेदन में दर्ज जानकारी का मिलान मूल दस्तावेजों से किया जायेगा. सभी जानकारी सही पाये जाने के बाद ही नामांकन आवेदन स्वीकृत किया जायेगा.

आवेदन स्वीकृत होते ही ऑनलाइन जमा करना होगा शुल्क

नामांकन आवेदन स्वीकृत होने के तुरंत बाद छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन शुल्क जमा करने का विकल्प उपलब्ध कराया जायेगा. शुल्क जमा करने के बाद उसकी रसीद संबंधित काउंटर पर जमा करनी होगी. इसके बाद नामांकन कंफर्म किया जायेगा. नामांकन पूरा होते ही छात्रों को रोल नंबर भी आवंटित किया जायेगा और अगले कार्य दिवस से कक्षाएं शुरू हो जायेंगी.

स्नातक में नामांकन का अंतिम अवसर

जयप्रकाश विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष प्रो. राणा विक्रम सिंह ने कहा कि स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन का यह अंतिम अवसर है. स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन बंद कर दिया जायेगा. उन्होंने स्पॉट एडमिशन के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं से हर हाल में 27 अगस्त को संबंधित कॉलेज या निर्धारित केंद्र पर पहुंचने की अपील की.

तीन जिलों में बनाये गये नामांकन केंद्र

अंगीभूत और राजकीय डिग्री कॉलेजों में नामांकन के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं को संबंधित कॉलेज में निर्धारित समय पर पहुंचना होगा. वहीं विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित संबद्ध कॉलेजों में नामांकन के लिए आवेदन करने वाले छात्रों का नामांकन प्रमंडल स्तर पर बनाये गये केंद्रों पर होगा.

इसके लिए छपरा में राजेंद्र कॉलेज, सीवान में डीएवी कॉलेज और गोपालगंज में कमला राय कॉलेज को केंद्र बनाया गया है. नामांकन से संबंधित सभी जानकारी विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपडेट कर दी गयी है. इसके अलावा संबंधित कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर भी सूचना प्रकाशित की गयी है.

नामांकन सेल का किया गया गठन

सभी कॉलेजों में स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी कराने के लिए नामांकन सेल का गठन किया गया है. संबंधित कर्मियों को आवेदन सत्यापन, दस्तावेज जांच और शुल्क जमा कराने सहित अन्य प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने की जिम्मेदारी दी गयी है.

इसे भी पढ़ें: सारण के मशरक में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हैवानियत, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म; जांच में जुटी पुलिस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >