छपरा के जलालपुर में सड़क किनारे अज्ञात युवक का शव बरामद, जेब से दिल्ली-छपरा का रेल टिकट मिला

जलालपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिले एक अज्ञात युवक के शव ने इलाके में दहशत फैला दी है. मृतक की जेब से दिल्ली से छपरा तक का ट्रेन टिकट और नकदी बरामद हुई है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

Jalalpur dead body: जलालपुर थाना क्षेत्र के दुबवलिया से फुटानी बाजार जाने वाली सड़क के किनारे अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. घटना की सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष मनीष कुमार और बबीता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रौशन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बनियापुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार, कोपा थानाध्यक्ष सहित एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से छानबीन की. पुलिस मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटा रही है.

मृतक की जेब से 11 सितंबर का दिल्ली से छपरा तक का ट्रेन टिकट मिला है. इससे आशंका जतायी जा रही है कि युवक हाल ही में दिल्ली से छपरा पहुंचा था. उसकी जेब से 2,800 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं. ऐसे में प्रारंभिक जांच में लूटपाट की आशंका कम प्रतीत हो रही है. हालांकि, पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.

एसएसपी ने एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की जांच के साथ आसपास के गांवों तथा रेलवे जंक्शन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के निर्देश दिये हैं. पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद घटना की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सकेगी.

अपराधियों का सेफ जोन बना यह रास्ता

स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस इलाके में इस तरह की यह पांचवीं या छठी घटना है. इससे अपराधियों के लिए यह निर्जन रास्ता सुरक्षित ठिकाना बनता जा रहा है. किशनपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि तारकेश्वर सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पूर्व में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद सारण रेंज के डीआईजी निलेश कुमार ने यहां पुलिस चौकी खोलने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक यह आश्वासन कागजों तक ही सीमित है.

ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल

यह सड़क बेलकुंडा, गम्हरिया, मानपुर और मकनपुर समेत कई गांवों के लोगों के लिए प्रमुख व्यावसायिक मार्ग है. सब्जी और दूध विक्रेता सहित व्यापारी इसी रास्ते से जलालपुर आते-जाते हैं. अज्ञात युवक का शव मिलने की घटना के बाद आम लोगों और राहगीरों में भय एवं असुरक्षा का माहौल है.

एसएसपी ने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया है कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है. जल्द ही मृतक की पहचान कर घटना के कारणों का खुलासा किया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >