Saran News : स्थानीय खेदन प्रसाद आइटीआइ में सोमवार को एक दिवसीय अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया. मेले में तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. इसका उद्देश्य आइटीआइ पास युवाओं को देश की प्रमुख औद्योगिक और ऑटोमोबाइल कंपनियों से जोड़कर रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना था.
105 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण
अप्रेंटिसशिप मेले की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई. इसमें कुल 105 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीकरण कराया. इसके बाद काउंसलिंग और साक्षात्कार की प्रक्रिया आयोजित की गयी, जिसमें युवाओं ने अपनी तकनीकी दक्षता और योग्यता का प्रदर्शन किया.
टाटा मोटर्स और सुजुकी के प्रतिनिधियों ने लिया इंटरव्यू
मेले में टाटा मोटर्स, सुजुकी गुजरात और साणंद की अन्य प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की तकनीकी दक्षता का मूल्यांकन किया. चयन प्रक्रिया और प्राथमिक साक्षात्कार के बाद 60 योग्य अभ्यर्थियों को अप्रेंटिसशिप के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया.
जल्द पूरी होंगी चयनित अभ्यर्थियों की औपचारिकताएं
संस्थान के प्रतिनिधि नीतीश कुमार ने बताया कि चयनित 60 अभ्यर्थियों की आवश्यक औपचारिकताएं और अंतिम काउंसलिंग जल्द पूरी की जायेगी. इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित औद्योगिक संस्थानों में अप्रेंटिसशिप के लिए भेजा जायेगा.
संस्थान के अधिकारियों के निर्देशन में हुआ आयोजन
अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन संस्थान के प्राचार्य अमृतोष कुमार और उप-प्राचार्य प्रभाकर कुमार के दिशा-निर्देशन में किया गया. मेले में शॉर्टलिस्ट हुए अभ्यर्थियों ने चयन पर खुशी जतायी. आयोजन को सफल बनाने में अमर राज, पुरुषोत्तम कुमार, उज्जवल कश्यप और चंद्र मोइली समेत संस्थान के अन्य कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभायी.
