हर घर तिरंगा अभियान: सारण में डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की, 9 से 17 अगस्त तक होंगे विशेष कार्यक्रम

सारण में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत विशेष तैयारियों की समीक्षा की गई. 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम, प्रभात फेरी, बाइक रैली और सांस्कृतिक आयोजन होंगे. साधनहीन परिवारों को तिरंगा उपलब्ध कराया जाएगा.

Saran News: जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय कार्यालय कक्ष में 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अभियान के सफल, व्यापक और प्रभावी आयोजन के लिए सभी विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

9 से 17 अगस्त तक बनेगा इवेंट कैलेंडर

जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 9 अगस्त से 17 अगस्त तक का इवेंट कैलेंडर तैयार करें. इस दौरान प्रभात फेरी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, इलोक्यूशन, बाइक रैली, साइकिल रैली सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

साधनहीन परिवारों को मिलेगा तिरंगा

कला एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से प्रत्येक प्रखंड में 4,000 तिरंगे उपलब्ध कराए जाएंगे. इन्हें उन परिवारों को दिया जाएगा, जो आर्थिक रूप से तिरंगा खरीदने में सक्षम नहीं हैं. वहीं सक्षम नागरिकों को स्वयं तिरंगा खरीदकर अपने घरों पर फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा. तिरंगा निर्माण का कार्य जीविका समूहों के माध्यम से कराया जाएगा.

फ्लैग कोड का शत-प्रतिशत पालन करने का निर्देश

डीएम ने सभी सरकारी कार्यालयों को अपने स्तर पर राष्ट्रीय ध्वज खरीदने तथा फ्लैग कोड ऑफ इंडिया का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

स्कूलों में होंगे प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम

जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय, संकुल, प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराने का निर्देश दिया गया. जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि 15 अगस्त के सांस्कृतिक कार्यक्रम में 'हर घर तिरंगा' थीम पर सर्वश्रेष्ठ विद्यालयी टीम की प्रस्तुति सुनिश्चित कराई जाए.

हर प्रखंड में बनेगा 'सेल्फी विद तिरंगा' स्टैंड

अभियान के तहत प्रत्येक प्रखंड में 'सेल्फी विद तिरंगा' स्टैंड स्थापित किए जाएंगे, ताकि नागरिक अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ सकें.

पौधरोपण और बायोफेंसिंग पर भी रहेगा फोकस

डीएम ने सभी विद्यालयों और सरकारी परिसरों में व्यापक पौधरोपण कराने का निर्देश दिया. जिन विद्यालयों में चारदीवारी नहीं है, वहां बायोफेंसिंग या वायर फेंसिंग के माध्यम से हरित घेरा विकसित करने की योजना पर कार्य करने को कहा. इसके लिए मनरेगा, वन विभाग और कृषि विभाग के समन्वय से पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

जनभागीदारी से बनेगा जनआंदोलन

जिला पदाधिकारी ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का प्रतीक है. उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए.

सोशल मीडिया और जागरूकता कार्यक्रमों पर भी रहेगा जोर

बैठक में राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता, ध्वजारोहण कार्यक्रम, प्रभात फेरी, जागरूकता रैली, सांस्कृतिक आयोजन तथा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई.

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, निदेशक डीआरडीए, जिला कल्याण पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस), जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, जिला स्वास्थ्य प्रबंधक, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >