Saran News : गुजरात के गांधीधाम-मुंद्रा हाईवे पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सारण जिले के दो युवकों की मौत हो गयी. मृतकों में परसा थाना क्षेत्र के वीर कुंवारी गांव निवासी अभय कुमार और मकेर थाना क्षेत्र के डिही मनोवर गांव निवासी सन्नी कुमार (21) शामिल हैं. अभय ट्रक चालक था, जबकि सन्नी सह-चालक के रूप में काम करता था. दोनों शांति ट्रेवल्स के ट्रक से पालम जा रहे थे.
ट्रक खराब होने पर हाईवे किनारे करने लगे थे मरम्मत
जानकारी के अनुसार, रास्ते में ट्रक में कुछ तकनीकी खराबी आ गयी. इसके बाद अभय कुमार और सन्नी कुमार ने ट्रक को हाईवे के किनारे खड़ा किया और उसकी मरम्मत करने लगे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी. दुर्घटना के बाद दूसरा ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
चाचा को मोबाइल पर मिली हादसे की सूचना
हादसे की सूचना परिजनों को मोबाइल फोन के माध्यम से मिली. बताया जाता है कि सन्नी कुमार के चाचा राजन कुमार को घटना की जानकारी दी गयी. खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन गुजरात के लिए रवाना होने की तैयारी में जुट गये.
दो माह पहले ही काम के लिए घर से निकला था सन्नी
सन्नी कुमार दो भाइयों में छोटा था. उसके बड़े भाई का नाम सुधीर कुमार है. सन्नी के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी. वह करीब दो माह पहले ही घर से काम करने के लिए गुजरात गया था. परिवार के अनुसार, घटना से करीब दो घंटे पहले ही सन्नी ने अपनी चाची से फोन पर बातचीत की थी. बातचीत के दौरान उसने छठ और दीपावली में घर आने की बात कही थी. इसके कुछ ही घंटे बाद हादसे में उसकी मौत की खबर परिवार तक पहुंच गयी.
दोनों गांवों में पसरा मातम
अभय कुमार परसा थाना क्षेत्र के वीर कुंवारी गांव का रहने वाला था. वहीं सन्नी मकेर थाना क्षेत्र के डिही मनोवर गांव का निवासी था. दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांवों में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल है.
