Garkha Block Head: गड़खा प्रखंड प्रमुख और उपप्रमुख का चुनाव बुधवार को छपरा सदर एसडीओ कार्यालय प्रकोष्ठ में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये थे. चुनाव में शामिल उम्मीदवारों के समर्थक भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे और अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत को लेकर कयास लगाते नजर आये.
प्रमुख पद पर नूरजहां बेगम निर्विरोध निर्वाचित
प्रमुख पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने पर गड़खा प्रखंड के मुकीमपुर पंचायत की पंचायत समिति सदस्य नूरजहां बेगम ने अपना नामांकन दाखिल किया. निर्धारित समय तक प्रमुख पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया. इसके बाद नूरजहां बेगम को गड़खा प्रखंड प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया.
उपप्रमुख पद के लिए दो प्रत्याशियों ने किया नामांकन
प्रमुख पद का चुनाव संपन्न होने के बाद उपप्रमुख पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई. इसमें ईटवा पंचायत के अजीत राय और पचपटिया पंचायत के राकेश राय ने नामांकन दाखिल किया. नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों प्रत्याशियों के लिए मतदान कराया गया.
राकेश राय को मिले 19 मत
उपप्रमुख पद के लिए हुए मतदान में राकेश राय को 19 मत प्राप्त हुए, जबकि अजीत राय को 12 मत मिले. मतों की गणना के बाद राकेश राय को गड़खा प्रखंड उपप्रमुख पद पर निर्वाचित घोषित किया गया.
समर्थकों ने फूल-माला और गुलाल लगाकर जतायी खुशी
नवनिर्वाचित प्रमुख नूरजहां बेगम और उपप्रमुख राकेश राय के मतदान केंद्र से बाहर निकलते ही समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया. समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और मिठाई बांटकर जीत की खुशी मनायी.
लंबे समय से चल रही थी प्रमुख-उपप्रमुख पद को लेकर खींचतान
बताया जाता है कि गड़खा प्रखंड प्रमुख और उपप्रमुख पद को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी. विभिन्न कारणों से कई बार चुनाव की प्रक्रिया बाधित हुई थी. आखिरकार बुधवार को चुनाव संपन्न होने के बाद प्रमुख और उपप्रमुख के रूप में नये चेहरों ने पद संभालने का रास्ता साफ कर लिया.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
