Saran Flood: दिघवारा में गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि जारी है. पिछले दो दिनों में नदी का पानी निचले इलाकों में तेजी से प्रवेश करने लगा है. आमी से लेकर रामदासचक तक गंगा से सटे क्षेत्रों में बाढ़ के पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है. राईपट्टी, चकनूर, शंकरपुर रोड और बसतपुर समेत कई निचले इलाकों में पानी प्रवेश कर गया है. इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है, जबकि मक्के और सब्जियों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा है.
गंगा के बढ़ते जलस्तर से पुल निर्माण कार्य ठप
गंगा के बढ़े जलस्तर का असर दिघवारा से शेरपुर के बीच नदी पर बन रहे सिक्सलेन सड़क पुल के निर्माण कार्य पर भी पड़ा है. गंगा से सटे हिस्सों में निर्माण कार्य पूरी तरह बंद हो गया है.
निर्माण स्थल तक जाने वाले रास्ते पर बाढ़ का पानी चढ़ जाने के कारण सामान लदे वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं. इससे निर्माण कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है और काम की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है.
बेसकैंप के चारों ओर फैल रहा पानी
बाढ़ का पानी पुल निर्माण कंपनी के बेसकैंप के चारों ओर तेजी से फैल रहा है. स्थिति को देखते हुए कैंप में मौजूद कई मशीनों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है. बेसकैंप में रखे कीमती सामान को भी बाहर निकाला जा रहा है.
जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण बेसकैंप में काम करने वाले मजदूर भी सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे हैं.
फसलों को नुकसान, किसानों में मायूसी
गंगा का पानी निचले इलाकों में फैलने से खेतों में लगी मक्के और सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है. इससे सैकड़ों किसानों के सामने नुकसान का संकट खड़ा हो गया है. ग्रामीणों के अनुसार जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो और अधिक कृषि क्षेत्र प्रभावित हो सकता है.
बेसकैंप और गंगा की ओर नहीं जाने की चेतावनी
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए निर्माण कंपनी की ओर से बेसकैंप और गंगा नदी की ओर आम लोगों को नहीं जाने की चेतावनी दी गयी है. इसके लिए निर्माण स्थल के आसपास चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया है.
गंगा के जलस्तर में जारी वृद्धि को देखते हुए निर्माण स्थल पर सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है. फिलहाल पानी के बढ़ते फैलाव के कारण पुल निर्माण कार्य के दोबारा शुरू होने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
