सारण के तरैया प्रखंड से होकर गुजरने वाली गंडक नदी का जलस्तर शुक्रवार को सुबह सामान्य रहा. तरैया प्रखंड विकास पदाधिकारी विभु विवेक व तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू ने शुक्रवार को सारण तटबंध का निरीक्षण करते हुए गंडक नदी तट तक पहुंचे.
पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने बताया कि गंडक का जलस्तर सामान्य स्थिति में है. गंडक के जलस्तर में वृद्धि नहीं हुई है, कुछ कमी ही आयी है. इसके बावजूद भी पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने सारण तटबंध के तटीय इलाके में बसे सगुनी, शामपुर, राजवारा, अरदेवा, शीतलपुर, हरपुर फरीदन, बनिया हसनपुर, चंचलिया, भटगाई समेत अन्य गांवों के लोगों से सर्तक रहने की अपील किया है.
नेपाल में भारी तबाही की मंजर की खबरें देखकर गंडक नदी व सारण तटबंध के तटीय इलाके में बसे लोग काफी भयभीत व डरे-सहमे हुए हैं. हालांकि प्रशासनिक पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि हमेशा क्षत्रों का भ्रमण कर लोगों से धर्य के साथ रहने तथा सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं. गंडक का जलस्तर अभी स्थिर बना हुआ है. तटीय इलाके के लोग भी अभी सुरक्षित हैं.
इधर प्रशासनिक पदाधिकारी बाढ़ की संभावना को लेकर सामुदायिक किचन के लिए स्थल चयन, नाव की व्यवस्था, स्वास्थ्य संबंधित व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक सामानों की व्यवस्था में जुटे हुए हैं.
