गंडक नदी के जलस्तर में लगातार हो रही है बढ़ोतरी फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं प्रतिनिधि,पानापुर.नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. हालांकि फिलहाल बाढ़ जैसी स्थिति नहीं है लेकिन सारण तटबंध के निचले इलाकों में बसे लोगों की चिंता बढ़ गयी है. बताते चलें कि गंडक नदी के निचले इलाकों में बसे रामपुररूद्र, बसहिया, सोनवर्षा, सलेमपुर, पृथ्वीपुर आदि गांवो के सैकड़ों परिवार हर साल बाढ़ की विभीषिका झेलते हैं. हाल के वर्षो में सारण तटबंध के पक्कीकरण एवं चौड़ीकरण से तटबंध मजबूत हुआ हैं वही कोंध भगवानपुर से चंचलिया तक रिंग बांध के निर्माण से पानापुर एवं तरैया प्रखंड के निचले इलाकों में बसे आधे दर्जन गांवो पर फिलहाल बाढ़ का खतरा नहीं दिख रहा हैं लेकिन नदी का जलस्तर बढ़ने से इन इलाकों में धान, मक्के एवं सब्जियों की खेती किये किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें पैदा कर दी है. बाढ़ नियंत्रण विभाग के एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि फिलहाल वाल्मीकिनगर बराज से डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. गंडक के जल अधिग्रहण क्षेत्र में बारिश जारी रहने पर नदी का जलप्रवाह दो लाख क्यूसेक के आंकड़े को पार कर सकता है. फिलहाल नदी का जलस्तर काफी नीचे है एवं बाढ़ जैसी कोई समस्या नहीं है. फिर भी जल संसाधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाये हुए है एवं सारण तटबंध की सतत निगरानी की जा रही है.
गंडक नदी के जलस्तर में लगातार हो रही है बढ़ोतरी.
नेपाल में बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। हालांकि अभी बाढ़ का खतरा नहीं है, लेकिन तटवर्ती इलाकों के किसानों की चिंता बढ़ गई है।

गंडक नदी | Prabhat Khabar Network