सारण में चेहल्लुम से पहले फ्लैग मार्च, बिना लाइसेंस जुलूस पर कार्रवाई, ड्रोन से होगी निगरानी

सारण में चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट है. बिना लाइसेंस जुलूस निकालने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी. बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सलाह जारी की गई है.

सारण: चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को पूर्व संध्या पर शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीएम नितेश कुमार एवं एएसपी रामपुकार ने किया. इस दौरान जिला प्रशासन और सारण पुलिस ने लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की.

बिना लाइसेंस जुलूस निकालने पर होगी कानूनी कार्रवाई

एएसपी रामपुकार ने बताया कि चेहल्लुम के अवसर पर जुलूस निकालने के लिए लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य है. बिना लाइसेंस निकाला गया जुलूस विधि-विरुद्ध माना जाएगा. ऐसे मामलों में आयोजकों सहित जुलूस में शामिल लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने कहा कि लाइसेंसधारी आयोजक स्वयं जुलूस के साथ उपस्थित रहेंगे और लाइसेंस अपने पास रखेंगे. जुलूस निर्धारित तिथि एवं समय के भीतर ही शुरू और समाप्त किया जाएगा तथा केवल लाइसेंस में स्वीकृत मार्ग से ही निकाला जाएगा.

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चेहल्लुम जुलूस में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. सभी जुलूसों की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी. साथ ही बाइकर गैंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष कार्रवाई की जाएगी.

बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी जारी की गई सलाह

एएसपी ने अभिभावकों से अपील की कि जुलूस में शामिल होने वाले बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें. बच्चों की जेब में उनके परिजन का मोबाइल नंबर लिखकर अवश्य रखें, ताकि किसी भी स्थिति में उनसे आसानी से संपर्क किया जा सके.

प्रशासन ने की सहयोग की अपील

जिला प्रशासन एवं सारण पुलिस ने आम लोगों से चेहल्लुम पर्व को शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने तथा पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की. प्रशासन ने कहा कि सभी के सहयोग से ही पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा.

Also Read: Bankipur By Election Result: बांकीपुर में छा गए प्रशांत किशोर, 2025 में हार के 9 महीनों बाद ऐसा क्या बदला कि BJP को उसी के गढ़ में पछाड़ दिया


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >