Bihar teachers' pay scale: वित्त रहित एवं अनुदानित विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षकों व कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतनमान और सेवा-सुविधाओं का लाभ दिलाने की मांग तेज हो गयी है. शिक्षाविद् एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. राहुल राज ने बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन सौंपा.
वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग
ज्ञापन में डॉ. राहुल राज ने वित्त रहित और अनुदानित संस्थानों के शिक्षकों की वर्षों से लंबित समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की. उन्होंने कहा कि शिक्षक लंबे समय से पूरी निष्ठा के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं, लेकिन नियमित वेतनमान और अन्य सेवा-सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
उच्चस्तरीय समिति की बैठक जल्द बुलाने की मांग
डॉ. राज ने मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक जल्द बुलाकर वित्त रहित एवं अनुदानित संस्थानों से जुड़े लंबित मामलों पर ठोस निर्णय लेने की मांग की. उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समयबद्ध और सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए.
शिक्षक हित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
डॉ. राहुल राज ने कहा कि शिक्षक हित उनके लिए सर्वोपरि है. सम्मानजनक वेतनमान समेत शिक्षकों और कर्मचारियों से जुड़े सभी मुद्दों को सरकार के हर स्तर तक मजबूती से पहुंचाया जाता रहेगा.
इसे भी पढ़ें:छात्रों से मिलने के बाद CM आवास पहुंचे चिराग पासवान, सम्राट चौधरी के सामने रखेंगे छात्रों की पूरी बात
