छपरा में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सदर अस्पताल परिसर का गहन निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं, स्वच्छता, निर्माण कार्यों और आधारभूत संरचना की समीक्षा की. निरीक्षण के बाद उन्होंने रोगी कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक निर्देश दिये.
निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बीएसएमआईसीएल द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने पर्याप्त मैनपावर और मशीनरी के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. डीआरडीए निदेशक को निर्माण कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा कर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा.
डीएम ने ड्रग स्टोर, ब्लड बैंक, ब्लड सेपरेशन यूनिट, टीबी सेंटर और अन्य चिकित्सा इकाइयों का भी निरीक्षण किया. ड्रग सेफ्टी ऑफिसर को नियमित ऑडिट कराने तथा अस्पताल परिसर की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.
सड़क और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने पर जोर
डीएम ने अस्पताल परिसर में कार्यालयों को एक भवन में सुव्यवस्थित रूप से शिफ्ट करने का निर्देश दिया. अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए फायर फाइटिंग मार्ग का सत्यापन कराने को कहा. साथ ही सड़क, ड्रेनेज और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पेवर ब्लॉक लगाने का निर्देश दिया.
उन्होंने उपयोग किये गये पानी के पुनः उपयोग की व्यवस्था विकसित करने तथा नगर निगम के माध्यम से नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित कराने को भी कहा.
31 अक्टूबर तक पूरी होंगी लघु योजनाएं
रोगी कल्याण समिति की बैठक में डीएम ने सदस्यों से अस्पताल की व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं को लेकर फीडबैक लिया. प्राप्त सुझावों के आधार पर मिशन कायाकल्प के तहत विभिन्न लघु योजनाओं को प्राथमिकता के साथ प्रस्तावित कर 31 अक्टूबर तक पूरा कराने का निर्देश दिया.
बैठक में ओपीडी, आर्ट सेंटर, पोस्टमार्टम भवन, निबंधन केंद्र और दवा वितरण केंद्र के आसपास पेवर ब्लॉक निर्माण, एमसीएच भवन की मरम्मत और परिसर में पेवर ब्लॉक कार्य, 20 सोलर लाइट की स्थापना, मुख्य द्वार पर ग्लो साइन बोर्ड, आईसीटी आधारित सिटीजन चार्टर, बायोमेडिकल वेस्ट के संधारण के लिए कमरे का निर्माण और पोस्टमार्टम भवन के सामने प्रतीक्षालय निर्माण सहित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गयी.
अस्पताल की सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा
इसके अलावा कैंसर डे-केयर के लिए आवंटित कमरे का उन्नयन, अस्पताल परिसर का सौंदर्यीकरण, पीसीए प्लांट की शिफ्टिंग, एमसीएच भवन में बायोमेट्रिक अटेंडेंस मशीन की स्थापना और ब्लड सेपरेशन यूनिट से संबंधित कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया.
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृत और क्रियान्वित कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
