Saran Bihar Bandh : जिले में कुछ राजनीतिक दलों द्वारा प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए सारण (छपरा) जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सजग है. जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का माहौल कायम करने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा.
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की पैनी नजर
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए शहर के नगर थाना चौक, नगरपालिका चौक, सरकारी बस स्टैंड, नेताजी टोला, गांधी चौक, भिखारी ठाकुर चौक, मौका चौक, दरोगा राय चौक और हॉस्पिटल चौक सहित कई महत्वपूर्ण जगहों पर पुलिस लगातार सक्रिय रही. इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारियों ने घूम-घूमकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से शांति, सौहार्द व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की.
DM और SSP ने दी असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी विनीत कुमार ने संयुक्त रूप से कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण और विधिसम्मत विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है. हालांकि, किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में लेने, सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, यातायात बाधित करने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक सामग्री प्रसारित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सोशल मीडिया पर निगरानी और अफवाहों से बचने की अपील
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि वाली सूचनाओं को शेयर करें. प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया है कि जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक व पुलिस व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
Also Read : सारण के रिविलगंज में सरयू नदी तट पर मिला राष्ट्रीय पक्षी मोर, पुलिस ने किया रेस्क्यू
