Flood Safety: दिघवारा में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश करने से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. पानी तेजी से नए इलाकों में फैल रहा है. प्रशासन की ओर से लोगों को गहरे पानी में नहीं जाने की चेतावनी दी गयी है. इसके बावजूद कई जगहों पर लोग बाढ़ के पानी में जोखिम उठाते नजर आ रहे हैं.
शंकरपुर रोड के सामने गहरे पानी में नहाते दिखे दर्जनों लोग
शुक्रवार को दिघवारा नगर पंचायत के शंकरपुर रोड के सामने बाढ़ के गहरे पानी में दर्जनों लोग नहाते नजर आये. बताया गया कि कुछ युवा एक सरकारी स्कूल की छत तक बांस के सहारे पहुंचे और वहां से पानी में छलांग लगाते दिखे. जिस स्थान पर युवक पानी में कूद रहे थे, वहां पहले से बांस, ईंट और पत्थर भी मौजूद थे. ऐसे में पानी की गहराई और नीचे मौजूद वस्तुओं के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ था.
बच्चों और किशोरों पर अभिभावक रखें विशेष नजर
बाढ़ के दौरान नदी और आसपास फैले पानी की स्थिति सामान्य दिनों से काफी अलग होती है. पानी की गहराई का अनुमान लगाना मुश्किल होता है और तेज बहाव के कारण खतरा अचानक बढ़ सकता है. ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों और किशोरों पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत है.
प्रशासन की चेतावनी के बावजूद बाढ़ के पानी में नहाने या खेलने के लिए जाना गंभीर लापरवाही हो सकती है. अभिभावकों को बच्चों को ऐसे स्थानों पर जाने से रोकना चाहिए और उन्हें बाढ़ के पानी से दूर रहने के लिए समझाना चाहिए.
कुछ दिन पहले गंगा में डूबने से युवक की हुई थी मौत
दिघवारा क्षेत्र में कुछ दिन पहले डूबने की घटना भी सामने आ चुकी है. बरुआ पंचायत के ककड़िया गांव का एक युवक दिघवारा बाजार में खरीदारी करने के बाद दोस्तों के साथ आमी के गंगा घाट पर नहाने गया था. गंगा नदी के गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गयी थी.
बाढ़ के पानी को लेकर सतर्कता जरूरी
फिलहाल दिघवारा क्षेत्र में गंगा का पानी लगातार बढ़ रहा है और कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में बच्चों, किशोरों और अन्य लोगों को बाढ़ के पानी, नदी और गहरे जल वाले स्थानों से दूर रखना जरूरी है. थोड़ी सी सावधानी किसी बड़े हादसे को रोक सकती है. अभिभावकों को बच्चों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें:सारण में गंगा का रौद्र रूप: दिघवारा के अकिलपुर पंचायत के 8 गांव बाढ़ में डूबे, सड़क से घर तक पानी ही पानी
