saran News : परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों पर चाकू और टांगी से हमला करने का मामला सामने आया है. घटना 18 सितंबर की रात की बतायी जा रही है. मामले में पूरे छपरा गांव निवासी संजय कुमार सिंह के 37 वर्षीय पुत्र उज्जवल कुमार ने परसा थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घर के बाहर टहल रहे थे दोनों, तभी शुरू हुआ विवाद
प्राथमिकी के लिए दिये गये आवेदन के अनुसार उज्जवल कुमार अपने ड्राइवर सीतामढ़ी जिले के बैरगनिया निवासी 24 वर्षीय विकास कुमार पासवान के साथ घर के बाहर टहल रहे थे. इसी दौरान गांव के ही रौशन कुमार सिंह उर्फ बेंगा और दीपक कुमार सिंह उर्फ टुसा सिंह, दोनों पिता स्व. अनिल सिंह, मंदिर के सामने खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे.
आवेदन के अनुसार, गाली-गलौज का विरोध करने पर दोनों आरोपितों ने चाकू और टांगी निकाल ली और जान मारने की नीयत से हमला कर दिया.
पेट और हाथ में लगी चोट, ड्राइवर के सिर पर टांगी से वार
हमले में उज्जवल कुमार के पेट और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आयीं. वहीं उनके ड्राइवर विकास कुमार पासवान के सिर पर टांगी से वार किया गया, जिससे उनका सिर फट गया. हमले के बाद दोनों घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़े.
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने डायल 112 पर फोन किया. इसके बाद दोनों घायलों को परसा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया.
एक माह पहले भी मारपीट का लगाया आरोप
उज्जवल कुमार ने पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि करीब एक माह पहले भी आरोपितों ने उनके दूसरे ड्राइवर अर्जुन राम के साथ मारपीट की थी. इस मामले में परसा थाना और एससी/एसटी थाना में मामला दर्ज कराया गया था.
पीड़ित का आरोप है कि इसी पुराने विवाद और रंजिश को लेकर दोनों युवकों पर हमला किया गया.
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद शनिवार को फोरेंसिक विभाग की टीम परसा थाना पहुंची. इसके बाद अपर थानाध्यक्ष दिलीप कुमार के नेतृत्व में टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके से विभिन्न साक्ष्य व नमूने एकत्रित किये. फोरेंसिक टीम सैंपल अपने साथ ले गयी है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटायी जा रही है.
