Saran News : मुआवजा नहीं मिलने से परसा बाइपास निर्माण कार्य रुका, अधिकारियों के आश्वासन के बाद फिर शुरू हुआ काम

Saran News : बहुप्रतीक्षित परसा बाइपास निर्माण कार्य को लेकर शनिवार को उस समय अचानक गतिरोध उत्पन्न हो गया, जब स्थानीय भूमि मालिकों ने मुआवजा भुगतान न होने के विरोध में निर्माण कार्य को रोक दिया.

परसा. बहुप्रतीक्षित परसा बाइपास निर्माण कार्य को लेकर शनिवार को उस समय अचानक गतिरोध उत्पन्न हो गया, जब स्थानीय भूमि मालिकों ने मुआवजा भुगतान न होने के विरोध में निर्माण कार्य को रोक दिया. भूमि स्वामी दीपक कुमार, सुपर राय, मुन्ना राय, रामजी राय, विश्वनाथ राय, सिकंदर राय, शिलाजीत राय, मोहम्मद ईशा और पवन सिंह समेत दर्जनों लोगों ने एकजुट होकर कार्य का विरोध जताया.जमीन मालिकों का कहना है कि उन्होंने अपनी भूमि से संबंधित सभी आवश्यक कागजात विभाग में समय पर जमा कर दिये हैं. जिन दस्तावेजों में सुधार की आवश्यकता थी, उसमें भी कार्रवाई पूरी कर ली गयी है. इसके बावजूद अब तक किसी भी भूमि स्वामी को मुआवजा नहीं मिला है. उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक वे निर्माण कार्य में सहयोग नहीं करेंगे.

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला

सूचना मिलते ही परसा अंचल पदाधिकारी अनुज कुमार और पथ निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और भूमि मालिकों से संवाद स्थापित किया. अधिकारियों ने भूमि स्वामियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और समाधान का भरोसा दिलाया. अंचल पदाधिकारी ने यह निर्देश भी दिया कि कोई भी भूमि स्वामी निर्माण कार्य में अवरोध न उत्पन्न करें और अपनी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित कार्यालयों से संपर्क करें. अधिकारियों द्वारा शीघ्र मुआवजा भुगतान और सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद भूमि मालिकों ने पुनः सहयोग करने की सहमति जतायी. इसके साथ ही परसा बाइपास का निर्माण कार्य फिर से शुरू कर दिया गया है. भूमि मालिकों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे विकास कार्यों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन जब तक उचित मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक वे चुप नहीं बैठेंगे. उन्होंने अपील की कि संबंधित विभाग पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए सभी भूमिधारकों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराए, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके और स्थानीय जनता को भी लाभ पहुंचे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >