जेपी विश्वविद्यालय स्नातक नामांकन 2026: तीसरी मेधा सूची पर 6 अगस्त तक एडमिशन, ये दस्तावेज हैं जरूरी

जयप्रकाश विश्वविद्यालय सारण में स्नातक रेगुलर और वोकेशनल कोर्स में नामांकन की प्रक्रिया जारी है. तीसरी मेधा सूची के आधार पर 6 अगस्त तक नामांकन लिया जाएगा. नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची जारी की गई है.

सारण: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक रेगुलर तथा वोकेशनल कोर्स में नामांकन की प्रक्रिया जारी है. चार वर्षीय सीबीसीएस स्नातक पाठ्यक्रम की तीसरी मेधा सूची 1 अगस्त को जारी की गई थी, जिसके आधार पर नामांकन लिया जा रहा है. वहीं तीन वर्षीय वोकेशनल कोर्स की मेधा सूची भी 1 अगस्त को प्रकाशित की गई है. दोनों पाठ्यक्रमों में चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 6 अगस्त तक किया जाएगा.

नामांकन के समय ये दस्तावेज साथ लाना होगा जरूरी

विश्वविद्यालय और संबंधित महाविद्यालयों के नोटिस बोर्ड पर नामांकन संबंधी सूचना पहले ही प्रकाशित की जा चुकी है. विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देश के अनुसार अभ्यर्थियों को नामांकन के समय सभी मूल शैक्षणिक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा.

नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में ऑनलाइन आवेदन की डाउनलोड कॉपी, अलॉटमेंट लेटर, मैट्रिक एवं इंटर का अंकपत्र और प्रमाण पत्र, एसएलसी/सीएलसी की मूल प्रति, माइग्रेशन सर्टिफिकेट (यदि लागू हो), जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), आधार कार्ड, अपार कार्ड, एबीसी आईडी तथा चार नवीनतम पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो शामिल हैं.

25 रेगुलर और पांच वोकेशनल विषयों में हो रहा नामांकन

विश्वविद्यालय के अंतर्गत छपरा, सीवान और गोपालगंज के अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों में स्नातक रेगुलर मोड के 25 विषयों तथा वोकेशनल कोर्स के पांच विषयों में नामांकन लिया जा रहा है. छात्र कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन अभ्यर्थियों का नाम मेधा सूची में शामिल है और वे निर्धारित अवधि तक नामांकन नहीं कराते हैं, उनका आवेदन स्वतः निरस्त माना जाएगा.

सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था

नामांकन प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए कुलपति प्रो. परमेन्द्र कुमार बाजपेई के निर्देश पर सभी कॉलेजों में हेल्प डेस्क संचालित किया जा रहा है. यहां शिक्षक और कर्मी छात्रों को नामांकन संबंधी सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं.

नामांकन के अगले दिन से शुरू होगी कक्षाएं

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार नामांकन के साथ ही छात्रों को कक्षा संचालन का रूटीन भी उपलब्ध कराया जा रहा है. स्नातक सत्र 2026-30 की कक्षाएं सभी कॉलेजों में नियमित रूप से संचालित हो रही हैं. पहली और दूसरी मेधा सूची से नामांकित छात्रों की कक्षाएं पहले से चल रही हैं, जबकि तीसरी सूची के तहत नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों की कक्षाएं प्रवेश के अगले दिन से ही शुरू कर दी जाएंगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >