तरैया के निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत, परिजनों का हंगामा

सारण जिले के एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा किया. घटना के बाद कथित चिकित्सक और कर्मचारी मौके से फरार हो गए. यह एक हफ्ते में दूसरी मौत है.

Saran News: सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरिया हाई स्कूल रोड में स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान शनिवार को एक 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. मृतक की पहचान फरीदनपुर गांव निवासी अजय राम के 12 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार के रूप में की गई है. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों व पीड़ित परिजनों ने निजी क्लिनिक के अंदर और बाहर जमकर हंगामा किया.

कम्पाउंडर ने चढ़ाया स्लाइन

सारण के फरीदनपुर निवासी व मृतक के चाचा रामेश्वर राम ने बताया कि उनके भतीजे को काफी तेज बुखार था. उसे देवरिया रोड स्थित डॉ. वकील राय के नर्सिंग होम में शनिवार की सुबह भर्ती कराया गया था. जहां मुख्य चिकित्सक की अनुपस्थिति में वहां मौजूद कम्पाउंडर ने ही बच्चे को स्लाइन चढ़ाना शुरू कर दिया. पूछने पर उसने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है.

कर्मी मौके से हुए फरार

सारण के इस क्लिनिक में स्लाइन चढ़ाने के लगभग चार घंटे के बाद बच्चे की स्थिति अचानक बिगड़ने लगी और उसने देखते ही देखते दम तोड़ दिया. बच्चे की मौत होते ही कथित चिकित्सक और कम्पाउंडर समेत क्लिनिक के सभी कर्मी धीरे से मौके से फरार हो गये. परिजनों ने कथित चिकित्सक व क्लिनिक के कर्मियों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है.

पुलिस ने शांत कराया मामला

सारण में घटना की सूचना मिलते ही तरैया थानाध्यक्ष धीरज कुमार दलबल के साथ देवरिया रोड में स्थित निजी क्लिनिक पहुंचे. वहीं तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू ने भी मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. थानाध्यक्ष ने पीड़ित परिजनों से पूरी जानकारी ली तथा बेड पर पड़े शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की.

एक सप्ताह में दूसरी मौत

सारण के तरैया में अवैध नर्सिंग होम व निजी क्लिनिक संचालकों की लापरवाही के कारण एक सप्ताह के अंदर यह मौत की दूसरी घटना है. इससे पहले छह जुलाई को तरैया-पानापुर रोड में खराटी मथुरा चौक पर संचालित एक अवैध नर्सिंग होम में फेनहारा निवासी 30 वर्षीय युवक चंद्रशेखर कुमार यादव की मौत हो गयी थी. लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी आक्रोश है.

Also Read: सारण: मढ़ौरा में एक महीने में दूसरी बार सफाई व्यवस्था ठप, हड़ताल से सड़कों पर लगा कचरे का ढेर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manoj kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >