Bihar Assembly: बिहार विधानसभा के शून्यकाल में मंगलवार को छपरा नगर निगम क्षेत्र में वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या प्रमुखता से उठी. छपरा विधानसभा की विधायक छोटी कुमारी ने सदन में कहा कि अरबों रुपये की विकास योजनाओं के बावजूद हर बारिश में शहर जलमग्न हो जाता है, जिससे आम लोगों का जीवन बुरी तरह प्रभावित होता है. उन्होंने सरकार से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की.
पहले भी उठा चुकी हैं मुद्दा, फिर भी नहीं बदली स्थिति
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि यह कोई नई समस्या नहीं है. इससे पहले भी उन्होंने विधानसभा में इस मुद्दे को उठाया था, लेकिन ध्यानाकर्षण के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. हर वर्ष हल्की बारिश के बाद ही छपरा नगर निगम क्षेत्र के कई मोहल्लों में जलजमाव हो जाता है.
हजारों लोगों का जनजीवन होता है प्रभावित
उन्होंने कहा कि जलजमाव के कारण सड़कों पर आवागमन बाधित हो जाता है. घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों की संपत्ति और व्यापार को भारी नुकसान होता है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को झेलनी पड़ती है. इसके साथ ही जलनिकासी नहीं होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है.
अधूरी परियोजनाओं पर उठाए सवाल
विधायक ने सदन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा नगर निगम और बुडको के माध्यम से सड़क एवं नाला निर्माण पर अरबों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन कई परियोजनाएं अब भी अधूरी हैं. निर्माण कार्यों में अत्यधिक विलंब, लापरवाही और प्रभावी निगरानी के अभाव के कारण जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है.
उन्होंने सरकार से सवाल किया कि जब करोड़ों-अरबों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, तब भी हर बारिश में छपरा नगर निगम क्षेत्र जलमग्न क्यों हो जाता है.
सरकार से की ये प्रमुख मांगें
विधायक छोटी कुमारी ने सरकार से मांग की कि—
- नगर निगम क्षेत्र में युद्धस्तर पर जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
- सभी लंबित सड़क एवं नाला निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे कराए जाएं.
- निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
- जलजमाव से प्रभावित लोगों के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए.
"घोषणाओं से नहीं, कार्रवाई से होगा समाधान"
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई से होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि छपरा की जनता से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे को वह आगे भी विधानसभा और सरकार के समक्ष पूरी मजबूती से उठाती रहेंगी.
