सारण में नाबालिग से दुष्कर्म और वीडियो बनाने का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार

Saran Gang Rape Case: सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार और एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. मामले की जांच जारी है.

Saran Gang Rape Case: सारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है. मामले की जांच जारी है.

शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस

घटना के बाद परिजनों ने मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल में कराया है. मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है.

एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित की गई विशेष टीम

एसएसपी विनीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. अनुसंधान के दौरान एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए.

जांच में क्या आया सामने

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़िता का एक आरोपित के साथ लगभग एक वर्ष से प्रेम संबंध था. उसके बुलाने पर वह मगाइडीह चंवर के पास मिलने गई थी. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने. आरोप है कि वहां मौजूद अन्य लोगों ने उन्हें देख लिया और इसके बाद पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया तथा घटना का वीडियो भी बनाया.

पुलिस ने कहा है कि यह प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्य हैं. मामले की पुष्टि वैज्ञानिक साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर की जाएगी.

दो आरोपित गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मगाइडीह निवासी मिथिलेश कुमार महतो तथा सचिन कुमार उर्फ भुअर को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है. सभी से पूछताछ की जा रही है.

एफएसएल रिपोर्ट और मेडिकल जांच पर रहेगी आगे की कार्रवाई

मुफस्सिल थानाध्यक्ष शशि कुमार ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: वैशाली के टॉप-10 अपराधी समेत दो गिरफ्तार, देसी कारबाइन और कट्टा बरामद



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Pandey

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >