दशहरा-दिवाली से पहले छपरा जंक्शन पर सुरक्षा कड़ी, 250 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा

आगामी त्योहारों को देखते हुए छपरा जंक्शन समेत सारण के सभी स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी की गई है. आरपीएफ और जीआरपी ने 250 से अधिक जवानों को तैनात करने की तैयारी की है, साथ ही 100 से अधिक CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है. यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए श्वान दस्तों का भी उपयोग किया जा रहा है.

Saran News : आगामी दशहरा, दिवाली और छठ पर्व को देखते हुए रेल प्रशासन करीब 20 दिन पहले से ही अलर्ट मोड में आ गया है. पर्व के दौरान ट्रेनों और स्टेशनों पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. छपरा जंक्शन समेत सारण जिले के छोटे-बड़े सभी स्टेशनों पर सुरक्षा मानकों के अनुसार व्यवस्था की जा रही है. स्टेशन परिसर के साथ-साथ यहां से गुजरने वाली ट्रेनों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है. ट्रेनों के सभी कोचों की नियमित जांच की जा रही है.

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अधिकारियों और जिला प्रशासन के दिशा-निर्देश के अनुसार आरपीएफ और जीआरपी ने सुरक्षा का मेगा प्लान तैयार करना शुरू कर दिया है. आरपीएफ की ओर से करीब 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है. वहीं जीआरपी ने भी अतिरिक्त बल की मांग की है.

छपरा जंक्शन पर 100 से अधिक कैमरों से निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के निर्देश पर पूरे स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है. प्लेटफॉर्म संख्या एक से नौ तक 100 से अधिक कैमरे लगाए जा चुके हैं. शेष कैमरों को लगाने का काम भी तेजी से चल रहा है.

आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक नहीं हो, इसके लिए पहले से ही तैयारियां की जा रही हैं. स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों पर सीसीटीवी के जरिये नजर रखी जाएगी.

श्वान दस्ते से स्टेशन और ट्रेनों की जांच

छपरा जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यहां मौजूद श्वान दस्ते को भी तैयार किया गया है. प्रतिदिन श्वान दस्ते के माध्यम से जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. जंक्शन के सभी प्लेटफॉर्म के अलावा यहां से गुजरने वाली ट्रेनों के कोच और डिब्बों की भी जांच की जा रही है.

पर्व के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए जांच का दायरा और बढ़ाने की तैयारी है. संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी.

जीआरपी ने मांगा अतिरिक्त बल, करीब सवा सौ की होगी तैनाती

राजकीय रेल पुलिस भी सुरक्षा को लेकर अपनी तैयारी में जुटी है. जीआरपी छपरा के पास वर्तमान में करीब 70 पुलिस पदाधिकारी और कर्मी हैं. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 50 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की मांग की गयी है. अतिरिक्त बल मिलने के बाद करीब सवा सौ पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया जाएगा.

स्पेशल ट्रेनों के परिचालन पर भी विशेष नजर रखी जाएगी. इसके अलावा आसपास के उन सभी स्टेशनों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, जहां ट्रेनों का ठहराव होता है.

जीआरपी और आरपीएफ की ओर से यात्रियों से भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है. किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के दिखाई देने पर तत्काल आरपीएफ या जीआरपी को सूचना देने को कहा गया है.

आंकड़ों में छपरा जंक्शन

  • प्रतिदिन करीब 10 हजार से 30 हजार यात्रियों का आवागमन.
  • हर महीने करीब 3.13 से 6 लाख यात्री यात्रा करते हैं.
  • पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के अंतर्गत एनएसजी-2 श्रेणी का स्टेशन.
  • स्टेशन से प्रतिमाह औसतन चार करोड़ रुपये से अधिक की आय.
  • प्रतिदिन करीब 100 से 110 आरपीएफ जवान सुरक्षा में तैनात.
  • करीब 65 से 70 जीआरपी पुलिसकर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था में रहते हैं.

सुरक्षा को लेकर पहले से शुरू की गयी तैयारी

आरपीएफ अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं हो, इसे ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारी शुरू कर दी गयी है. योजनाबद्ध तरीके से सुरक्षा से जुड़े कार्यों को संपादित कराने की तैयारी चल रही है. जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया जा रहा है.

स्पेशल ट्रेन और स्टॉपेज वाले स्टेशनों पर विशेष नजर

जीआरपी छपरा जंक्शन के थानाध्यक्ष गुंजन कुमार ने बताया कि इस बार सुरक्षा से संबंधित मुकम्मल इंतजाम पहले ही शुरू कर दिए गए हैं. मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गयी है. स्पेशल ट्रेनों और स्टॉपेज वाले स्टेशनों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >