Bihar Chess Championship: छपरा जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में गंगा सिंह महाविद्यालय, छपरा के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय छपरा जिला अंडर-19 बालक एवं बालिका शतरंज प्रतियोगिता-2026 का रविवार को समापन हुआ. प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 100 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
स्विस लीग सिस्टम के तहत सात चक्रों में आयोजित प्रतियोगिता के बालक वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त प्रेम कुमार ने अपने सभी सात मुकाबले जीतकर सात अंक के साथ खिताब अपने नाम किया. अंबर श्रीवास्तव ने छह अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि समान छह अंक के साथ मयंक सिंह तीसरे स्थान पर रहे. बेहतर टाई-ब्रेक के आधार पर अंबर श्रीवास्तव को दूसरा स्थान मिला.
बालिका वर्ग में सृष्टि ने 5.5 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया. एंजेल दूसरे और ऋत्वि रानी तीसरे स्थान पर रहीं.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सारण का प्रतिनिधित्व करेंगे खिलाड़ी
प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले में शतरंज को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय मंच उपलब्ध कराना था. बालक एवं बालिका वर्ग से शीर्ष दो-दो खिलाड़ियों का चयन आगामी एक अक्टूबर से मुजफ्फरपुर में आयोजित बिहार राज्य अंडर-19 शतरंज चैंपियनशिप में सारण का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया है.
विधायक छोटी कुमारी रहीं मुख्य अतिथि
समापन समारोह की मुख्य अतिथि छपरा विधायक छोटी कुमारी थीं. समारोह में नीलू कुमारी, सत्यवती फाउंडेशन की निदेशिका सोनम सत्यवती, वरिष्ठ शिक्षक एवं खेल प्रशासक सुरेश सिंह, अमरजीत राय, रोटरी सारण के अध्यक्ष महेश कुमार गुप्ता, प्रतीक सिंह, एड़ुगांव के निदेशक अमित कुमार, बबलू सिंह, अविनाश, संघ के संयुक्त सचिव संजय कुमार तथा सहायक सचिव व सीनियर नेशनल आर्बिटर सागर कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
प्रतियोगिता का संचालन मुख्य निर्णायक एवं छपरा जिला शतरंज संघ के सचिव इंटरनेशनल आर्बिटर अरविंद कुमार सिंह के मार्गदर्शन में हुआ. उपमुख्य निर्णायक सागर कुमार सहित संघ के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
संघ के सचिव अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से भी खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए छपरा में शतरंज का भविष्य बेहद उज्ज्वल है. संघ आने वाले समय में इससे भी बड़े आयोजनों की तैयारी कर रहा है.
