पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के छपरा जंक्शन पर आरपीएफ और सीआईबी की लगातार कार्रवाई से ट्रेनों में मादक पदार्थ और शराब की तस्करी करने वाले धंधेबाजों में हड़कंप मचा हुआ है. पिछले दो दिनों में ट्रेनों से लगातार गांजा और शराब की बरामदगी हुई है. शुक्रवार की रात किशनगंज एक्सप्रेस से 10 किलो गांजा बरामद किया गया था. वहीं रविवार की सुबह गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस से करीब डेढ़ लाख रुपये की विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब बरामद की गयी.
ट्रेनों में लगातार चल रहे सघन जांच अभियान से अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में खलबली मच गयी है. रेलवे सुरक्षा बल की टीम सभी प्रमुख ट्रेनों और कोचों की लगातार जांच कर रही है.
एसी कोच से लगातार मिल रहा अवैध सामान
आरपीएफ की अब तक की कार्रवाई में शराब और मादक पदार्थों की कई बरामदगी वातानुकूलित कोच से हुई है. रविवार की कार्रवाई में भी शराब एसी कोच से ही बरामद की गयी.
आरपीएफ इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव ने बताया कि सीनियर डिविजनल कमांडेंट के आदेश और सहायक कमांडेंट के दिशा-निर्देशन में 23 अगस्त को ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर खड़ी 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस के छपरा जंक्शन पहुंचने के बाद सभी कोचों की जांच की.
बी-4 कोच से पांच बोरियों में मिली शराब
जांच के दौरान ट्रेन के एसी कोच संख्या बी-4 से पांच प्लास्टिक की बोरियां, एक पिट्ठू बैग और एक झोला बरामद किया गया. इन सामानों की जांच करने पर विभिन्न कंपनियों की अंग्रेजी शराब मिली. कुल 151.45 लीटर शराब बरामद की गयी, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बतायी गयी है.
बरामद शराब को कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना छपरा को सौंप दिया गया है. मामले में जीआरपी छपरा द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है.
यात्रियों से लावारिस सामान की सूचना देने की अपील
आरपीएफ इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव ने यात्रियों से अपील की कि ट्रेन या स्टेशन पर कोई लावारिस अथवा संदिग्ध सामान दिखाई दे तो इसकी सूचना सुरक्षा एजेंसियों को दें. उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की जायेगी.
उन्होंने बताया कि ट्रेनों में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार जांच अभियान जारी रहेगा.
चेकिंग टीम में ये अधिकारी व जवान रहे शामिल
छापेमारी अभियान में उपनिरीक्षक विशाल कुमार, कांस्टेबल संजय यादव, दिलीप कुमार सहित आरपीएफ और सीआईबी के अन्य जवान शामिल रहे.
इसे भी पढ़ें: सारण के मशरक में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हैवानियत, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म; जांच में जुटी पुलिस
