Saran News : तरैया प्रखंड के चैनपुर ग्राम कचहरी के वयोवृद्ध पूर्व सरपंच चन्द्रमा राय का गुरुवार की शाम उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही चैनपुर पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई. शुक्रवार को बैंड-बाजे के साथ उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए.
बैंड-बाजे के साथ मथुरा धाम पहुंची अंतिम यात्रा
चन्द्रमा राय की शवयात्रा शुक्रवार को चैनपुर गांव से होते हुए गंडक नदी के तट स्थित पानापुर प्रखंड के मथुरा धाम पहुंची. यहां विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनके पुत्र जगदीश प्रसाद राय ने मुखाग्नि दी. अंतिम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
2006 से 2011 तक रहे चैनपुर ग्राम कचहरी के सरपंच
चन्द्रमा राय वर्ष 2006 से 2011 तक चैनपुर ग्राम कचहरी के सरपंच पद पर रहे. उनके कार्यकाल में पंचायत के विभिन्न विवादों को समझा-बुझाकर सुलझाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती थी. सामाजिक कार्यों में भी वे सक्रिय रहते थे और ग्रामीणों के बीच उनकी अलग पहचान थी.
ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में भी बनाई अलग पहचान
चन्द्रमा राय के जीवन का अधिकांश समय भागलपुर में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा रहा. अपने कर्म, अनुभव और योगदान के कारण वे ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोगों के बीच "ट्रांसपोर्ट के भीष्म पितामह" के रूप में भी जाने जाते थे. सामाजिक और व्यावसायिक क्षेत्र में उनके योगदान को लोग लंबे समय तक याद रखेंगे.
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
पूर्व सरपंच के निधन पर तरैया प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह विक्कू, मुखिया प्रतिनिधि वीर बहादुर राय, मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव, चैनपुर सरपंच प्रतिनिधि शत्रुघ्न महतो, सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील तिवारी, मुखिया सह जदयू नेता सुशील सिंह, मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश राय समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने शोक जताया.
जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में धैर्य से काम लेने की अपील की.
