छपरा में जहरीले पेय पदार्थ से चार की मौत, आठ लोगों की गई आंखों की रोशनी

Bihar News: सारण के मशरक में जहरीले पेय पदार्थ के सेवन से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोगों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

Bihar News: सारण जिले के मशरक इलाके से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. जहरीले पेय पदार्थ के सेवन से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर किया गया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

जहरीले पेय पदार्थ पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

मशरक के पूरब टोला गांव में जहरीले पेय पदार्थ के सेवन से कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई. लोगों को चक्कर आने लगा और आंखों के सामने धुंधलापन छाने लगा. इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ लोगों की हालत काफी गंभीर थी. इसी दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य को बेहतर इलाज के लिए छपरा रेफर कर दिया गया.

चार लोगों की हुई मौत

इस घटना में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मृतकों की पहचान पूरब टोला गांव निवासी स्वर्गीय उमेश सिंह के 40 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार और पशुराम महतो के 45 वर्षीय पुत्र रघुवर महतो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पंकज कुमार की मौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक के मुख्य गेट पर ही हो गई थी. वहीं रघुवर महतो की मौत इलाज के दौरान सदर अस्पताल छपरा में हुई.

पांच लोगों को किया गया रेफर

घटना में 8 अन्य लोगों की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें सदर अस्पताल छपरा भेजा गया है. इनमें पूरब टोला गांव के बबन महतो, मिंटू महतो, मंटू कुमार और कुंदन महतो शामिल हैं. इसके अलावा किशुनपुरा गांव के दूधनाथ शर्मा को भी इलाज के लिए रेफर किया गया है. रेफर किए गए लोगों ने डॉक्टरों को बताया कि उन्होंने पेय पदार्थ का सेवन किया था. इसके बाद उनकी आंखों के सामने धुंधलापन आने लगा और घबराहट महसूस होने लगी.

पुलिस हिरासत में था एक मृतक

मृतकों में शामिल रघुवर महतो पिछले दो दिनों से शराब बेचने के आरोप में पुलिस हिरासत में था. उसकी तबीयत अचानक खराब होने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक में भर्ती कराया गया था. ड्यूटी पर मौजूद डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

दो दिन पहले भी हुई थी एक संदिग्ध मौत

स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पहले तख्त टोला गांव में संतोष महंतों की भी मौत हुई थी. हालांकि उस समय परिजनों ने इसे बीमारी से हुई मौत बताया था. लेकिन गांव के कुछ लोगों का कहना है कि उस घटना में भी पेय पदार्थ के सेवन की आशंका थी. फिलहाल पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि लोगों ने किस तरह का पेय पदार्थ पिया था और वह कहां से आया था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: CM किसका होगा? बिहार के मंत्री ने कहा- फैसला बड़े स्तर पर होगा, निशांत पर क्या बोले?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >