बिहार के कलाकारों को 2 लाख तक आर्थिक सहायता, चिकित्सा से उच्च शिक्षा तक मिलेगा लाभ

बिहार सरकार ने कलाकार कल्याण कोष योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत प्रदेश के कलाकारों को गंभीर बीमारी, उच्च शिक्षा, शोध और कला प्रदर्शन के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी. इस योजना के तहत अधिकतम 2 लाख रुपये तक की मदद मिल सकती है. यह पहल कलाकारों के उत्थान और कल्याण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है.

Artist Welfare Fund Scheme: राज्य सरकार कला और कलाकारों के संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने कलाकारों को गंभीर बीमारी, कला प्रदर्शन, उच्च शिक्षा एवं शोध समेत विभिन्न कार्यों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने को लेकर नियमावली जारी की है. कलाकारों को यह सहायता कलाकार कल्याण कोष योजना के तहत दी जाएगी. यह योजना केवल बिहार के कलाकारों के लिए है. सारण जिले के रजिस्टर्ड 250 से अधिक कलाकारों को योजना से आच्छादित करने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी डॉ. विभा भारती ने कलाकारों को योजना की जानकारी देने के लिए कार्ययोजना भी तैयार की है.

गंभीर बीमारी में इलाज के लिए मिलेगी आर्थिक मदद

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी के अनुसार गंभीर बीमारी या गंभीर रूप से घायल कलाकारों को चिकित्सा एवं इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है. योजना का लाभ लेने के लिए कलाकारों को चिकित्सा प्रमाण-पत्र, जांच रिपोर्ट और दवा के बिल समेत आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे.

हालांकि, केंद्र या राज्य सरकार अथवा किसी निजी बीमा कंपनी की चिकित्सा बीमा योजना से आच्छादित कलाकारों को चिकित्सा मद में सहायता नहीं दी जाएगी. योजना का लाभ देने से पहले आवेदन और दस्तावेजों की पूरी जांच की जाएगी.

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के लिए यात्रा खर्च

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों या कला प्रदर्शनियों में आमंत्रण मिलने पर देश-विदेश में प्रस्तुति और प्रदर्शन के लिए भी कलाकारों को यात्रा व्यय आदि में आर्थिक सहायता प्रदान की जा सकती है. इसके लिए कलाकार को कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने से संबंधित प्रमाण उपलब्ध कराना होगा.

उच्च शिक्षा और शोध के लिए भी सहायता

कलाकार अपनी कला विधा में बेहतर करने के लिए उच्च शिक्षा, अध्ययन और शोध करना चाहते हैं तो उन्हें भी योजना का लाभ मिल सकेगा. देश के विश्वविद्यालयों, महत्वपूर्ण संस्थानों, राष्ट्रीय नाट्य अकादमी या समकक्ष संस्थानों में नामांकित कलाकारों को उच्च शिक्षा, अध्ययन एवं शोध के लिए आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है.

चिकित्सा और कला प्रदर्शन के लिए दो लाख तक

कलाकार कल्याण कोष योजना के तहत चिकित्सा, प्रदर्शन कला और दृश्य कला के क्षेत्र में अधिकतम दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा सकती है. वहीं, उपकरण, वाद्य यंत्र एवं कला सामग्री खरीदने के लिए प्रदर्शन एवं दृश्य कला से जुड़े कलाकारों को अधिकतम 50 हजार रुपये तक की सहायता मिलेगी.

एक कलाकार को एक वित्तीय वर्ष में केवल एक बार ही सहायता प्रदान की जाएगी. सहायता की राशि और उसकी स्वीकृति का निर्धारण अनुदान समिति करेगी.

30 हजार से अधिक मासिक आय वाले कलाकार नहीं होंगे पात्र

योजना का लाभ लेने के लिए कलाकार की मासिक आय 30 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. इसके लिए अद्यतन आय प्रमाण-पत्र देना अनिवार्य होगा. सरकारी कर्मियों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा.

आवेदन निर्धारित प्रपत्र में तिथि एवं हस्ताक्षर के साथ उपलब्धियों के प्रमाण-पत्र, आवश्यक दस्तावेज और कलाकार पंजीयन पोर्टल के पंजीकरण प्रमाण-पत्र के साथ जमा करना होगा.

पटना के पते पर भेज सकेंगे आवेदन

कलाकार अपना आवेदन निदेशक, सांस्कृतिक कार्य, नया सचिवालय, विकास भवन, पटना के पते पर भेज सकते हैं. योजना से संबंधित अन्य जानकारी के लिए कलाकार जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह से संपर्क कर सकते हैं.

प्राप्त आवेदनों पर चयन समिति की बैठक में आवश्यकतानुसार निर्णय लिया जाएगा. समिति की बैठक कम से कम प्रत्येक तीन माह में एक बार आयोजित करने का प्रावधान किया गया है.

सरकार के फैसले से कलाकारों में खुशी

कलाकार कल्याण कोष योजना शुरू किए जाने से कलाकारों में खुशी है. कलाकारों का कहना है कि कला के क्षेत्र में काम करने वालों के लिए आर्थिक सहायता की ऐसी व्यवस्था पहले नहीं थी. इससे गंभीर बीमारी, उच्च शिक्षा, शोध और कला प्रदर्शन के दौरान आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे कलाकारों को राहत मिलेगी.

क्या बोलीं पदाधिकारी

डॉ. विभा भारती, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, सारण ने कहा कि बिहार सरकार और कला एवं संस्कृति विभाग कलाकारों के कल्याण और उनके उत्थान के लिए लगातार योजनाएं तैयार कर रहा है और उनका लाभ भी पहुंचाया जा रहा है. सारण जिले में 250 से अधिक रजिस्टर्ड कलाकार हैं. जो भी कलाकार इन योजनाओं का लाभ लेना चाहता है, वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकता है.

Also Read: '5000 परिवारों को सुरक्षित जगह तक पहुंचाया', आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री बोले- अमित शाह से हो रही बात



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >