तरैया में सूर्योपासना के महापर्व भदेया छठ पूजा को लेकर गुरुवार को छठव्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्यदान करेंगे. पर्व को लेकर तरैया बाजार में बुधवार से ही चहल-पहल बढ़ गयी है. गुरुवार की सुबह से ही छठ पूजा की सामग्री खरीदने के लिए बाजार में लोगों की भीड़ जुटी रही. फल मंडी से लेकर ईख, नारियल, सूप, दउरा और अन्य पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गयी.
महंगे फलों के बीच ईख की कीमत भी बढ़ी
बाजार में फलों के दाम में काफी वृद्धि होने के कारण कई खरीदार जरूरत के अनुसार ही फलों की खरीदारी करते नजर आये. वहीं, ईख की आवक कम रहने के कारण एक जोड़ा ईख 100 रुपये में बिका. महंगे फल और ईख के बावजूद छठव्रतियों और उनके परिजनों ने पर्व की आवश्यक सामग्री की खरीदारी की.
घाटों की साफ-सफाई में जुटे युवा
भदेया छठ को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न तालाब, नदी, पोखर और नहर किनारे स्थित छठ घाटों की साफ-सफाई का काम तेजी से किया गया. भादो माह में छठ व्रत करने वाले छठव्रतियों को अर्घ्यदान में परेशानी नहीं हो, इसके लिए नवयुवकों की टोली ने विशेष तैयारी की. कई जगहों पर पानी की व्यवस्था नहीं रहने पर युवाओं ने पंपसेट चलाकर घाटों पर पानी भरने का काम किया.
तरैया बाजार स्थित खदरा नदी छठ घाट पर भी नवयुवकों की टोली घाट की साफ-सफाई कर उसे स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटी रही. घाटों पर जमा कचरे को हटाकर अर्घ्यदान के लिए जगह तैयार की गयी.
घरों के दरवाजे पर बनाया अस्थायी पोखरा
अधिकांश छठव्रतियों ने घाटों पर पर्याप्त पानी नहीं रहने के कारण अपने-अपने दरवाजे पर अस्थायी पोखरा बनाकर अर्घ्यदान की तैयारी की है. तरैया बाजार स्थित ठाकुरबाड़ी शिव मंदिर और मछली मार्केट के सामने स्थित छठ घाट पर इस वर्ष पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक छठव्रतियों के पहुंचने की संभावना है. इसे लेकर स्थानीय लोगों की ओर से घाटों पर आवश्यक तैयारियां की गयी हैं.
छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
सुबह से ही विभिन्न छठ घाटों पर छठ गीतों की धुन गूंजती रही. पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. गुरुवार की शाम छठव्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्यदान करेंगे. शुक्रवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्यदान करने के साथ भदेया छठ पूजा का समापन होगा.
