परसा (सारण) से मोहम्मद यूसुफ की रिपोर्ट
Saran News : सारण जिला एथलेटिक्स संघ के तत्वावधान में परसा के हाई स्कूल स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय 43वीं जिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शानदार समापन हो गया. समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मंटू सिंह ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी व मेडल देकर पुरस्कृत किया.
प्रतियोगिता से युवाओं को प्रेरणा मिलती है
विधायक मंटू सिंह ने कहा, ग्रामीण क्षेत्रों में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन करना बेहद सराहनीय है. इससे स्थानीय युवाओं को प्रेरणा मिलती है और अपनी प्रतिभा को निखारने का एक बेहतरीन मंच मिलता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि परसा स्टेडियम के आधुनिकीकरण और उन्नयन के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे. साथ ही उन्होंने प्रस्तावित एकलव्य गर्ल्स हॉस्टल के एनओसी के लिए जयप्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति से बात कर एथलेटिक्स संघ के प्रतिनिधियों को सोमवार को मुलाकात करने का निर्देश दिया.
अमनौर का जलवा, रुखसार और रोहित बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
दो दिनों तक चली इस कांटे की टक्कर वाली प्रतियोगिता में स्टूडेंट क्लब, अमनौर ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर एक बार फिर ‘ओवरऑल चैंपियन’ होने का गौरव बरकरार रखा. मकेर क्लब के रोहित कुमार को ‘बेस्ट पुरुष खिलाड़ी’ और स्टूडेंट क्लब अमनौर की रुखसार खातून को ‘बेस्ट महिला खिलाड़ी’ के खिताब से नवाजा गया.
प्रतियोगिता में ये रहे विजेता
मुख्य अतिथि की मौजूदगी में हुई पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मकेर के रोहित कुमार ने बाजी मारते हुए जिले के सबसे तेज धावक का खिताब अपने नाम किया. वहीं अमनौर के आदित्य दूसरे और छपरा के छोटू कुमार राय तीसरे स्थान पर रहे.
श्रेणीवार विजेता में अंडर-14 (गर्ल्स): साथी क्लब, छपरा (चैंपियन) अंडर-14 (ब्वॉयज), अंडर-16 (गर्ल्स व ब्वॉयज) और महिला-पुरुष वर्ग: स्टूडेंट क्लब, अमनौर (चैंपियन) रहा.
अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत
समारोह की शुरुआत में आयोजन सचिव रोहित यादव ने मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया. संघ के कार्यकारी अध्यक्ष अजय सिंह ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सचिव गजेंद्र कुमार सिंह ने प्रतियोगिता की विस्तृत रिपोर्ट (प्रतिवेदन) प्रस्तुत की. कार्यक्रम का सफल संचालन अमित सौरभ ने किया.
खेल के दौरान ये रहे उपस्थित
इस मौके पर संयोजक रोहित कुमार यादव, विपिन कुमार, चंदन, अवधेश राय, मुखिया सुशील कुमार सिंह, श्यामदेव सिंह, राजकिशोर तिवारी, निर्मल ठाकुर, कार्यकारी सचिव नीलाभ गुंजन राका, दिनेश जी, संजय कुमार सिंह, चंदन कुमार शाही, दीपक कुमार, डॉ. बंटी, अमरेंद्र कुमार पाण्डेय, कमलजीत कुमार, श्रीकांत कुमार, दिनेश कुमार, हरिशंकर यादव, प्रिंस कुमार और रजनीकांत सहित खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.
Also Read : राजापाकर में नुक्कड़ नाटक के जरिए बैंकिंग सुविधाओं का संदेश, ग्राहकों को साइबर अपराध से बचने के बताए गए उपाय
