सारण के बनियापुर में पूर्व मुखिया का बेटा लापता, सड़क किनारे मिली बुलेट; सात लोगों पर अपहरण की प्राथमिकी

सतुआ बाजार से दवा लेने निकले पूर्व मुखिया के बेटे के अपहरण की आशंका जताई गई है. युवक के लापता होने के बाद सड़क किनारे उसकी बुलेट बाइक लावारिस हालत में मिली. पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Sonu Kumar Kidnapping: सतुआ पंचायत के पूर्व मुखिया सुरेश साह ने अपने पुत्र सोनू कुमार के अपहरण की आशंका जताते हुए बनियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में वर्तमान मुखिया पति समेत सात नामजद लोगों को आरोपित किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है.

दवा लेने बाजार गया था युवक, फिर नहीं लौटा

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पूर्व मुखिया का पुत्र सोनू कुमार 30 अगस्त की रात करीब साढ़े आठ बजे दवा खरीदने के लिए सतुआ बाजार गया था. इस दौरान वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था. रात करीब नौ बजे तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने दवा दुकानदार के मोबाइल पर फोन कर जानकारी ली.

दवा दुकानदार ने बताया कि सोनू दवा लेकर वहां से चला गया था. इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की.

बनियापुर-प्यारेपुर के बीच मिली बुलेट

खोजबीन के दौरान परिजनों को सूचना मिली कि सोनू की बुलेट मोटरसाइकिल बनियापुर-प्यारेपुर मार्ग पर काली स्थान के समीप लावारिस हालत में पड़ी है. इसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गयी और उन्होंने पुलिस से शिकायत की.

जमीन विवाद को लेकर धमकी देने का आरोप

पूर्व मुखिया ने प्राथमिकी में जमीन विवाद का भी उल्लेख किया है. उनका कहना है कि उन्होंने पूर्व में सतुआ निवासी प्रमिला देवी से सतुआ बाजार में जमीन का बैनामा कराया था. इसके बाद से प्रमिला देवी के पट्टीदारों की ओर से उन्हें कथित तौर पर बार-बार धमकी दी जा रही थी.

पूर्व मुखिया का आरोप है कि उन्हें कहा जाता था कि जमीन वापस कर दो, नहीं तो उन्हें या उनके पुत्र को गायब कर दिया जाएगा.

सात लोगों पर अपहरण की साजिश का आरोप

पूर्व मुखिया ने सतुआ निवासी सोनू कुमार शर्मा, मोनू कुमार शर्मा, नीरज कुमार शर्मा, बेबी देवी, उत्तम शर्मा, दीपक कुमार और डाढ़ीबाढ़ी निवासी राजू शर्मा समेत कुछ अज्ञात लोगों पर साजिश के तहत पुत्र का अपहरण करने का आरोप लगाया है.

उन्होंने प्राथमिकी में सोनू कुमार शर्मा और मुखिया पति राजू शर्मा को कथित तौर पर मुख्य साजिशकर्ता बताया है. पूर्व मुखिया ने आशंका जतायी है कि उनके पुत्र के साथ अनहोनी हो सकती है और पुलिस से उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगायी है.

मुखिया पति ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

वहीं, मुखिया पति राजू शर्मा से बात की गयी तो उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस ने शुरू की जांच

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद बनियापुर पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान में जुट गयी है. पुलिस युवक की बरामदगी के साथ-साथ प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें: BPSC TRE-4 के फॉर्म पर ब्रेक, छात्रों के आंदोलन के बाद फिर गरमायी सियासत, जानिए अब क्या होगा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mantu kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >