सारण: बाबा गणिनाथ धाम में पूजनोत्सव को लेकर निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा क्षेत्र

परसा के बाबा गणिनाथ धाम में बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। शोभायात्रा के साथ पूजनोत्सव का भव्य आगाज हुआ।

Saran News : परसा प्रखंड के बहर मरार पंचायत अंतर्गत गोविंद नगर, बांध बनकेरवां-दिघरा स्थित बाबा गणिनाथ धाम में बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज का पूजनोत्सव एवं जन्मोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा. आयोजन को लेकर शुक्रवार को मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा निकाली गयी. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया.

घोड़े, बैंड-बाजे और डीजे के साथ निकली शोभायात्रा

पूजा समिति के अध्यक्ष तुलसी साह के नेतृत्व में शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू हुई. इसमें घोड़े, डीजे और बैंड-बाजे के साथ श्रद्धालु शामिल हुए. श्रद्धालु बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े.

शोभायात्रा मंदिर परिसर से निकलकर बनकेरवा बाजार और परसादी होते हुए वापस बाबा गणिनाथ धाम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ. इस दौरान "बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज की जय" के जयघोष से पूरा इलाका गूंजता रहा. रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया.

युवाओं के साथ बुजुर्ग भी हुए शामिल

शोभायात्रा में युवाओं के साथ बुजुर्ग और अन्य ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल हुए. डीजे और बैंड-बाजे की धुन पर श्रद्धालु उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे. आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला.

रात्रि में होगा नेवतन कार्यक्रम

पूजा समिति के संयोजक डॉ. लव कुमार गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार की रात बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज के पूजनोत्सव को लेकर नेवतन यानी न्योता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसके बाद 5 सितंबर, शनिवार को सुबह 9 बजे से विधिवत पूजनोत्सव एवं जन्मोत्सव शुरू होगा.

पूजनोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा. समिति की ओर से आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं. आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा गणिनाथ का दर्शन और पूजन करने की अपील की है.

आस्था का प्रमुख केंद्र है बाबा गणिनाथ धाम

पूजा समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षक तुलसी साह ने कहा कि बाबा गणिनाथ धाम क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है. प्रत्येक वर्ष यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं और बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज का दर्शन-पूजन करते हैं.

उन्होंने कहा कि पूजनोत्सव और जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है. उन्होंने गणमान्य लोगों, भक्तों और ग्रामवासियों से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की.

समिति के पदाधिकारी और श्रद्धालु रहे मौजूद

शोभायात्रा में जिला परिषद सदस्य बिनोद राय, पूजा समिति अध्यक्ष तुलसी साह, उपाध्यक्ष डॉ. राजनाथ गुप्ता, संरक्षक श्याम बाबू प्रसाद एवं कृष्ण साह (नेता जी), सचिव पंकज कुमार (शिक्षक), संयोजक डॉ. लव कुमार साह, कोषाध्यक्ष विनय कुमार साह, मीडिया प्रभारी एवं उद्घोषक शत्रुघ्न सावन (शिक्षक), उपसचिव सुजीत कुमार साह, उप कोषाध्यक्ष प्रभुनाथ साह सहित बिजेंद्र साह, शेषनारायण साह, भागीरथ साह, रंजीत साह और तारकेश्वर साह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे.

पूजनोत्सव को लेकर बाबा गणिनाथ धाम में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना हुआ है. आयोजकों को उम्मीद है कि जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे.

शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network
शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network
शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मोहम्मद युसूफ

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >