डीएम के निरीक्षण के बाद सदर अस्पताल में दुरुस्त दिखीं व्यवस्थाएं, ड्यूटी पर तैनात मिले डॉक्टर

बुधवार को सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किये जाने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हलचल तेज हो गयी.

छपरा. बुधवार को सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव द्वारा सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किये जाने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हलचल तेज हो गयी. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को कड़ी फटकार लगायी थी. डीएम के सख्त रुख का असर गुरुवार को नये वर्ष के अवसर पर साफ तौर पर देखने को मिला, जब सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार नजर आया. गुरुवार को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड से लेकर ओपीडी तक व्यवस्थाएं दुरुस्त पायी गयी. मरीजों के इलाज के लिए नियमित रूप से चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी और प्रत्येक विभाग में डॉक्टरों की मौजूदगी सुनिश्चित की गयी. इमरजेंसी में 24 घंटे डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ तैनात रहे, जिससे गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलती रही. वहीं ओपीडी में भी मरीजों की जांच और दवाओं के वितरण की प्रक्रिया सुचारू ढंग से चलती रही. नववर्ष के कारण मरीजों की संख्या में अपेक्षाकृत कमी देखी गयी. जिससे अस्पताल में भीड़भाड़ कम रही और मरीजों को समय पर उपचार मिल सका. अस्पताल प्रबंधन द्वारा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया. वार्डों, गलियारों और प्रतीक्षालयों की सफाई करायी गयी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर माहौल मिला. इसके अलावा 24 घंटे एंबुलेंस सेवा पूरी तरह बहाल रही. आपात स्थिति में मरीजों को लाने और रेफर करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई. दवा काउंटरों पर भी आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहीं. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि डीएम के निर्देश के आलोक में आगे भी व्यवस्थाओं को इसी तरह बनाए रखा जाएगा, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Alok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >