Sonpur Army Jawan Demise: सारण जिले के सोनपुर प्रखंड के शिकारपुर गांव निवासी सेना के जवान नवीन कुमार सिंह का इलाज के दौरान निधन हो गया. जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान उनके सीने में अचानक तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली रेफर किया गया. वहां ऑपरेशन के बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
दानापुर मिलिट्री छावनी से पैतृक गांव पहुंचा पार्थिव शरीर
नवीन कुमार सिंह का पार्थिव शरीर पहले दानापुर मिलिट्री छावनी लाया गया. इसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव शिकारपुर पहुंचाया गया. जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग अंतिम दर्शन के लिए जुट गये.
तिरंगा लेकर पहुंचे ग्रामीण, लगाए भारत माता की जय के नारे
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए. ग्रामीणों ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी. गांव में माहौल गमगीन रहा और परिजनों को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे.
सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए गंगा घाट ले जाया गया. वहां सेना के जवानों की मौजूदगी में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान ग्रामीणों और परिजनों की आंखें नम रहीं.
पीछे छोड़ गये पत्नी, दो बेटे और बेटी
नवीन कुमार सिंह अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक छोटी बेटी को छोड़ गये हैं. उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक की लहर है.
ग्रामीणों ने बताया गौरव का क्षण
ग्रामीणों ने कहा कि नवीन कुमार सिंह ने सेना में सेवा देकर गांव और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया. उनके पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दिया जाना पूरे गांव के लिए भावुक क्षण रहा. लोगों ने परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की सांत्वना दी.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
