सदर अस्पताल में उपलब्ध हुई एंटी रैबीज वैक्सीन, मरीजों को मिली राहत

सदर अस्पताल प्रबंधन ने एंटी रैबीज सुई की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है. अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद ने बताया कि सुई का नया स्टॉक मंगाया गया है.

छपरा. सदर अस्पताल में पिछले एक सप्ताह से एंटी रैबीज सुई की कमी के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. रोजाना दर्जनों की संख्या में कुत्ते के काटने से घायल लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे थे, लेकिन सुई उपलब्ध नहीं रहने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ता था. रविवार को सुई अस्पताल भेजा गया. सोमवार से संबंधित विभाग में लोगों को एंटी रैबीज वैक्सीन मिलना प्रारंभ हो जायेगा. सरकारी अस्पताल में सुई की कमी से खासकर गरीब तबके के मरीजों को अधिक दिक्कत हो रही थी. बच्चों और बुजुर्गों के परिजन काफी चिंतित थे, क्योंकि समय पर एंटी रैबीज इंजेक्शन नहीं मिलने से संक्रमण का खतरा बना रहता है. हालांकि अब मरीजों के लिए राहत भरी खबर है. सदर अस्पताल प्रबंधन ने एंटी रैबीज सुई की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है. अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद ने बताया कि सुई का नया स्टॉक मंगाया गया है. अब लगातार स्टॉक आने का सिलसिला बरकरार रहेगा. धीरे-धीरे आपूर्ति पूरी तरह से बहाल कर दी जायेगी. मुजफ्फरपुर डिपो में भी सुई की उपलब्धता पूर्ण रूप से करा दी गयी है. सुई जरूरत के अनुसार मरीजों को नियमित रूप से दी जायेगी. उन्होंने कहा कि आगे भी स्टॉक बनाये रखने के लिए लगातार आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है, ताकि भविष्य में मरीजों को परेशानी न हो. आज से सुई उपलब्ध होने की जानकारी मिलते ही मरीजों की भीड़ अस्पताल में उमड़ेगी. ऐसे में संबंधित काउंटर पर भी तैनात रहने वाले कर्मियों को निर्देश दिया गया है. जिससे अफरातफरी की स्थिति ना हो. लोगों को आज से कतार में लगातार जरूरत के मुताबिक एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध कराया जायेगा. विदित हो कि प्रभात खबर द्वारा सदर अस्पताल समेत जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी रेबीज वैक्सीन की कमी होने से जुड़ी खबर प्रकाशित की गयी थी. जिसके बाद ही अस्पताल प्रबंधन ने संज्ञान लेते हुए मुजफ्फरपुर डिपो से नया स्टॉक मंगाया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >