सारण जिले में उपलब्ध नहीं है एंटी रैबीज वैक्सीन, मरीजों को हो रही परेशानी

शहर सहित पूरे जिले में एंटी रैबीज वैक्सीन (कुत्ते के काटने पर ली जाने वाली सुई) की किल्लत बनी हुई है.

छपरा. शहर सहित पूरे जिले में एंटी रैबीज वैक्सीन (कुत्ते के काटने पर ली जाने वाली सुई) की किल्लत बनी हुई है. सदर अस्पताल के साथ-साथ विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रो में भी वैक्सीन का स्टॉक समाप्त हो जाने से मरीजों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. पिछले एक सप्ताह से प्रखंड स्तर पर सुई उपलब्ध नहीं थी, वहीं अब सदर अस्पताल में भी पूरी तरह से स्टॉक खत्म हो गया है. बुधवार को ओपीडी खुलते ही सुबह से मरीजों की लंबी कतार लग गयी. कुत्ते व सियार के काटने से घायल लोग वैक्सीन लगवाने पहुंचे थे, लेकिन सुई उपलब्ध नहीं होने की जानकारी मिलते ही करीब 400 मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा. इससे मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी देखी गयी. अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद ने बताया कि फिलहाल जिले में एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं है. विभाग को इसकी सूचना दे दी गयी है. वैक्सीन आते ही मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करायी जायेगी. उन्होंने मरीजों से धैर्य बनाए रखने की अपील की. मरीजों का कहना है कि जिले में कुत्तों और सियारों का आतंक बढ़ता जा रहा है. ऐसे में वैक्सीन की अनुपलब्धता से मरीज परेशान है. प्रतिदिन 300 से अधिक लोग कुत्ते के काटने के बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचते हैं. पीएचसी में भी यही स्थिति बनी हुई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को और अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा अगले दो-तीन दिनों में वैक्सीन उपलब्ध होने की संभावना जतायी जा रही है, हालांकि अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं है. तब तक मरीजों की चिंता बनी हुई है. निजी अस्पतालों व दवा दुकान में भी एंटी रेबीज उपलब्ध नहीं है. ऐसे में विषम परिस्थिति में मरीजों को बाहर से भी वैक्सीन उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. कई मरीज सीवान या पटना जाकर एंटी रेबीज वैक्सीन की व्यवस्था कर रहे हैं. विदित हो कि विभिन्न ग्रामीण क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी कई दिनों से एंटी रेबीज उपलब्ध नहीं है. जिस कारण इन दिनों लगातार ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में मरीज सदर अस्पताल पहुंचकर एंटी रेबीज वैक्सीन लगवा रहे थे. लेकिन अब सदर अस्पताल में भी स्टॉक खत्म हो गया है. जिस कारण यहां से भी मरीजों को निराश लौटना पड़ रहा है.

क्या कहते हैं प्रबंधक

फिलहाल जिले में एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध नहीं है. विभाग को इसकी सूचना दी गयी है. जल्द ही स्टॉक उपलब्ध हो जायेगा. इसके बाद प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन कराया जायेगा.

राजेश्वर प्रसाद

प्रबंधक

सदर अस्पताल, छपरा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >