दिघवारा प्रखंड के आमी स्थित मां अंबिका भवानी मंदिर में सोमवार को सावन की पहली सोमवारी के अवसर पर पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ दिखी और शिवभक्तों की भीड़ से मंदिर का चप्पा चप्पा पटा नजर आया. इस दौरान पूरा मंदिर परिसर शिवभक्ति की आस्था में लीन देखा गया.मूसलाधार बारिश का भी श्रद्धालुओं की आस्था पर कोई असर नहीं पड़ा और श्रद्धालु बारिश में भींगते मंदिर पहुंचते देखे गये.
श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में भी लगायी डूबकी
दूर दराज से आए श्रद्धालुओं ने पहले गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और फिर जल में बेलपत्र,अक्षत,धतूरा व फूल लेकर मंदिर के गर्भगृह के उत्तरी छोर पर स्थित विशालकाय भोलेनाथ की मूर्ति के सामने बने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और अपनी मन्नतों के पूर्ण होने की कामना की. जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं को भीड़ से काफी संघर्ष करना पड़ा.
जलाभिषेक के बाद भक्तों ने किया मां अंबिका का दर्शन
जलाभिषेक के बाद श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर गर्भगृह के बाहर से मां अंबिका के दर्शन कर अपनी मुरादों के पूर्ण होने की कामना की. भीड़ से लंबे संघर्ष के बाद श्रद्धालु गर्भगृह तक पहुंच सके जहां गर्भगृह के अंदर सीपू तिवारी, जीपू तिवारी,कुंदन तिवारी सरीखे पुजारियों ने श्रद्धालुओं के प्रसाद व चुनरी को पिंड पर अर्पित किया और हर किसी की खुशहाली की कामना की. मन्नत पूर्ण हुए श्रद्धालुओं ने चुनरी चढ़ाते हुए मां अंबिका के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की.
बोल बम के जयकारे से गूंजा मंदिर परिसर
पूरे मंदिर परिसर में बोल बम, हर हर महादेव और मां अंबिका भवानी की जय आदि जयकारों की गूंज रही.मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम दिखे और थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार अपने दल बल के साथ सक्रिय दिखे. पुरुष व महिला प्रवेश द्वारों के अलावे मंदिर में कई जगहों पर पुलिस के जवान श्रद्धालुओं को हरसंभव सहयोग देते देखे गए. नदी में वोट के साथ एसडीआरएफ के जवान सक्रिय नजर आये. मंदिर के आसपास की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखी और महिला श्रद्धालु विभिन्न दुकानों पर व्यक्तिगत व घरेलू उपयोग के सामानों की खरीदारी में व्यस्त देखी गयी.
पहली सोमवारी पर दिखा उत्साह
वहीं, दिघवारा,दरियापुर,गरखा और परसा आदि प्रखंडों से श्रद्धालु भक्तिमय गीतों पर झूमते नाचते गाते आमी पहुंचे और फिर गंगा में जलभरी कर मां अंबिका का दर्शन करने के बाद अपने गांव लौटकर शिवालियों में बने शिवलिंगों पर जलाभिषेक किया .यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और हर कोई शिवभक्ति में सराबोर होता नजर आया. एनएच 19 पर दिन भर शिव भक्ति में लीन श्रद्धालु अपने गंतव्यों की ओर जाते देखे गए तो वहीं स्थानीय लोगों ने अपने-अपने स्तर से शिवभक्तों को हर संभव सहयोग देने की कोशिश करते देखे गए. फिजाओं में भोलेनाथ पर आधारित गीतों की गूंज रही और हर कोई शिव की आराधना में लीन नजर आया.
