Akhand Ashtayam: इसुआपुर बाजार स्थित बाबा लाल दास के मठिया परिसर में बाबा लाल दास कांवरिया संघ के तत्वावधान में अखंड अष्टयाम का आयोजन किया गया. इससे पहले पुरसौली गांव स्थित नहर से विधिवत जलभरी की गयी. जलभरी जुलूस में सैकड़ों की संख्या में कन्याएं, महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए.
गाजे-बाजे के साथ यज्ञस्थल पहुंचे श्रद्धालु
श्रद्धालु हाथों में कलश लेकर हाथी, घोड़े और गाजे-बाजे के साथ यज्ञस्थल पहुंचे. इस दौरान हर-हर महादेव, जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया. जलभरी जुलूस में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ अष्टयाम
यज्ञस्थल पर आचार्य पंडित मिथिलेश चौबे, पुजारी नवल किशोर चौबे, अनिल तिवारी, सुदामा तिवारी, गौरव तिवारी, अशोक दुबे और श्रवण तिवारी के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अखंड अष्टयाम की शुरुआत हुई. मुख्य यजमान के रूप में समाजसेवी अरविंद सिंह और उनकी धर्मपत्नी इंदू देवी शामिल हुए.
कई लोगों ने किया जलभरी जुलूस का नेतृत्व
जलभरी जुलूस का नेतृत्व नवीन सिंह, रमेश राय, पूर्व मुखिया राजकिशोर सिंह, डॉ. उपेंद्र भक्त, जितेंद्र प्रसाद, भोला प्रसाद सहित अन्य लोगों ने किया. आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया.
अष्टयाम के बाद होगा दुगोला मुकाबला
आयोजकों के अनुसार अखंड अष्टयाम के समापन के बाद रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत व्यास सुरेंद्र सांवारका, बलिया और मंजय मसीहा, दरियापुर के बीच दुगोला मुकाबला होगा.
सढ़वारा में भी अखंड अष्टयाम का आयोजन
वहीं बाबा बिंदेश्वर नाथ धाम शिव मंदिर परिसर, सढ़वारा में भी सावन के पावन महीने के अवसर पर अखंड अष्टयाम का आयोजन किया गया है. आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है.
प्रोटेस्ट की लाइव कवरेज यहां क्लिक कर पढ़ें : PhD होल्डर्स के प्रदर्शन के बाद दारोगा अभ्यर्थी भी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे
