मूर्ति विसर्जन के दौरान पोखरे में डूबने से युवक की मौत

प्रखंड क्षेत्र के फरीदनपुर मठिया बाजार के समीप शनिवार को सरस्वती मूर्ति विसर्जन के दौरान पोखर में पैर फिसलने के कारण एक 28 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गयी.

तरैया. प्रखंड क्षेत्र के फरीदनपुर मठिया बाजार के समीप शनिवार को सरस्वती मूर्ति विसर्जन के दौरान पोखर में पैर फिसलने के कारण एक 28 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान हरपुर फरीदन गांव निवासी राजेश्वर महतो के पुत्र धर्मेंद्र महतो के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, हरपुर फरीदन गांव के नवयुवक शनिवार को गाजे-बाजे के साथ गांव का भ्रमण करते हुए माता सरस्वती की मूर्ति विसर्जन के लिए फरीदनपुर मठिया स्थित पोखरे पर पहुंचे थे. विसर्जन के दौरान ही अचानक धर्मेंद्र का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. साथ मौजूद युवकों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वे सफल नहीं हो सके.

गोताखोरों ने निकाला शव

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी. स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद धर्मेंद्र को पोखरे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं. घटना की जानकारी मिलते ही तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया. शुक्रवार को जहां पूरे गांव में सरस्वती पूजा की धूमधाम थी, वहीं शनिवार को इस हादसे ने हरपुर फरीदन गांव में मातम फैला दिया. मृतक अपने पीछे पत्नी मंजू देवी, मां सरस्वती देवी, पिता राजेश्वर महतो, बड़े भाई गुड्डू महतो और दो बेटियों व एक बेटे का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गया है. घर के कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Alok kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >