Chhapra News : लाल बाजार के समीप स्कूली वैन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल

Chhapra News : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लाल बाजार के समीप एक स्कूली वैन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत सदर अस्पताल में उपचार के दौरान हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.

छपरा. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लाल बाजार के समीप एक स्कूली वैन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत सदर अस्पताल में उपचार के दौरान हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और वे सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने करीब एक घंटे तक हंगामा किया. आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में तोड़फोड़ की और अस्पताल कर्मियों से धक्का-मुक्की भी की. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.

मृतक की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव निवासी 28 वर्षीय अरविंद कुमार साह के रूप में हुई है. वहीं, घायल युवक 32 वर्षीय मुकेश पंडित है, जो उसी गांव का रहनेवाला है और उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. परिजनों के अनुसार, दोनों युवक टाइल्स मिस्त्री का काम करने के लिए छपरा आ रहे थे, तभी लाल बाजार के पास एक स्कूली वैन ने उन्हें ठोकर मार दी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान अरविंद की मौत हो गयी.

परिजनों ने कहा-डॉक्टर ने प्रारंभिक उपचार में की देरी

मृतक के परिजनों का आरोप है कि जब वे अरविंद को इमरजेंसी वार्ड में लेकर पहुंचे, तो वहां मौजूद चिकित्सक ने इलाज में लापरवाही बरती और प्रारंभिक उपचार में काफी देरी की. इस वजह से अरविंद की स्थिति बिगड़ गयी और उसकी मौत हो गयी. परिजनों ने अस्पताल कर्मियों और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी. उन्होंने अस्पताल कर्मियों से धक्का-मुक्की की और चिकित्सक को भी धमकाया. इस दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया. वहीं ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक, डॉक्टर सुब्रत कुमार ने बताया कि दोनों युवकों को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए लाया गया था. अरविंद कुमार को उपचार प्रदान किया गया, लेकिन उसकी स्थिति इतनी गंभीर थी कि उसे बचाया नहीं जा सका. उन्होंने कहा कि यथासंभव इलाज दिया गया था, हालांकि अंततः अरविंद की मौत हो गयी. फिलहाल, शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ALOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >