पानापुर (सारण ) से नागेंद्र ओझा की रिपोर्ट Saran News : सावन माह के पावन अवसर पर शुक्रवार सुबह पानापुर प्रखंड के रामपुररूद्र बाजार से श्रद्धालुओं का एक जत्था बाबाधाम सहित सात प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा के लिए रवाना हुआ. यात्रा शुरू होने से पहले सभी कांवरियों ने कोंध मथुराधाम घाट पहुंचकर गंडक नदी की पूजा-अर्चना की और मथुरा बाबा की समाधि पर मत्था टेककर आशीर्वाद लिया.
Sawan 2026 :वार्ड सदस्य ने दी शुभकामनाएं, फल वितरित कर किया विदा
कांवरियों के जत्थे को वार्ड सदस्य राजू कुमार कुशवाहा ने मंगलकामनाओं के साथ रवाना किया. उन्होंने श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि और मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए उनके बीच अमरूद और केले का वितरण भी किया.
सात प्रमुख धार्मिक स्थलों पर करेंगे दर्शन-पूजन
कांवरिया संघ के प्रबंधक रंजीत कुमार साह ने बताया कि श्रद्धालु इस यात्रा के दौरान अशोक धाम, बाबाधाम (देवघर) और बाबा वासुकीनाथ में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे. इसके अलावा पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तारापीठ और झारखंड के रजरप्पा मंदिर में मां भगवती की पूजा-अर्चना करेंगे. वापसी के दौरान श्रद्धालु राजगीर और बोधगया जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का भी दर्शन करेंगे.
कई लोगों के सहयोग से निकला जत्था
सात धाम की इस धार्मिक यात्रा के आयोजन में कोंध पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि आलोक सिंह और रामेश्वर ठेकेदार का विशेष सहयोग रहा. जत्थे में रंजीत कुमार साह, कृष्णा सिंह कुशवाहा, अशोक सिंह, जीउत सहनी, लक्ष्मण ठाकुर सहित कई श्रद्धालु शामिल हैं.
