छपरा. जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से सारण पुलिस ने विगत 24 घंटे के भीतर व्यापक विशेष अभियान चलाया. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष के निर्देश पर चलाये गये इस अभियान में कुल 30 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अवैध हथियार, शराब और वाहन भी जब्त किये गये. पुलिस कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी और कार्रवाई की गयी. गिरफ्तार अभियुक्तों में शराब सेवन के सात, शराब कारोबार के आठ, हत्या के प्रयास के सात, वारंटी दो, अपहरण के दो, आर्म्स एक्ट के दो, एससी एसटी एक्ट के एक तथा अन्य कांडों से जुड़े पांच अभियुक्त शामिल हैं. अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी सख्ती दिखाई. जिले से कुल 225.23 लीटर शराब जब्त की गयी, जिसमें 218.70 लीटर देसी और 6.53 लीटर विदेशी शराब शामिल है. इसके अलावा एक ट्रक, एक ट्रैक्टर और एक स्कॉर्पियो वाहन भी पुलिस के कब्जे में लिया गया. हथियारों की बरामदगी के क्रम में पुलिस ने एक कट्टा, चार कारतूस और एक खोखा भी जब्त किया है. वहीं अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात सुरक्षा को लेकर भी सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान 36 वाहनों से कुल एक लाख 33 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
