सोनपुर : सोनपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में दीपावली के दिन असामाजिक तत्वों ने आधा दर्जन से अधिक जगहों आपसी सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया. दीपावली के दिन पुराने रंजिश के कारण मारपीट की घटना हुई तो कही कमजोर तबके के लोगों को दीपावली मनाने के विरोध को लेकर विवाद हुआ. विवाद इस तरह से बढ़ा की मामूली बातों को लेकर गोलियां तक चली.
सोनपुर अनुमंडल के दरियापुर, नयागांव, हरिहर नाथ ओपी थानों के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों को घटनास्थल पर बुलाना पड़ा. चित्रसेनपुर मखदूम में दीपावली की शाम पूजा वाले जगह पर पटाखा फोड़ने से मना करने पर विवाद इस कदर बढ़ गया कि दो जातियों के बीच जमकर मारपीट हुई.
देखते ही देखते गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा. मारपीट में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल हो गये. वहीं इस घटना में एक महिला भी जख्मी हुई है. इस बात की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को हमलावरों ने खदेड़ दिया. बचाव के लिए पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की.
सोनपुर थानाध्यक्ष ने घटनास्थल पर फायरिंग की बात की पुष्टि की, लेकिन पुलिस बल द्वारा फायरिंग किये जाने की बात से इन्कार किया है. थानाध्यक्ष ने कहा कि दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. गोलू कुमार सिंह 21 लोगों को आरोपित किया है, वहीं अखिलेश कुमार ने पांच लोगों को आरोपित किया है. दोनों पक्षों के चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
