तरैया : थाना क्षेत्र के पोखरेरा गांव में शादी के बाद दहेज में दो लाख रुपये नहीं मिलने पर नाराज ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या कर देने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में इसुआपुर थाना क्षेत्र के उसरी खुर्द निवासी योगेंद्र सिंह द्वारा कोर्ट परिवाद के आधार पर तरैया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
जिसमें कहा गया है कि मेरी पुत्री वीणा कुमारी की शादी तरैया थाना क्षेत्र के पोखरेरा निवासी हिमांशु कुमार उर्फ रवि कुमार सिंह के साथ छह जून 2014 हुई थी. शादी के पूर्व ससुराल वालों ने दहेज में दो लाख रुपये मांगे थे जो नहीं देने पर मेरी पुत्री को प्रताड़ित करने लगे. मेरी पुत्री को दो वर्षीय एक पुत्र आदित्य उर्फ डबलू है.
शादी के चार वर्ष बाद मेरी पुत्री की दामाद हिमांशु कुमार उर्फ रवि कुमार सिंह, उनके चाचा राजेश सिंह, अमनौर पुरैना निवासी दिनेश सिंह व तरैया निवासी सतेंद्र सिंह ने मिलकर हत्या कर दी गयी तथा ससुराल वालों ने उसका उपहार स्वरूप दिये गये आभूषण टीवी, सोफा, पलंग व लगभग एक लाख की अन्य सामग्री भी रख ली गयी. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.
