छपरा : आतंकियों के गढ़ में घुसकर भारतीय वायुसेना ने एयर स्ट्राइक कर एक बड़ी कार्रवाई की है. इस ऑपरेशन के बाद सारणवासियों ने भी सेना के हौसले को बढ़ाते हुए अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी हैं. मंगलवार की सुबह जैसे ही लोगों ने अपने टेलीविजन सेट को खोला और सोशल मीडिया से लेकर तमाम स्रोतों से भारतीय वायुसेना की इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी मिलने लगी तो सबका उत्साह और जोश बढ़ने लगा.
सुबह से लेकर शाम तक चौक-चौराहों पर सेना के जज्बे को सलाम करते हुए लोग अपने देश पर फक्र महसूस कर रहे थे. वहीं देश के 40 जवानों की शहादत का बदला लेने पर सबके चेहरे खुशी से चमक रहे थे.
स्कूल, कॉलेज समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्रों में सिर्फ इसी बात को लेकर चर्चा थी. प्रायः हर घर में दिन भर टेलीविजन सेट खुला रहा. बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक अपने पसंदीदा टीवी शो को छोड़ सिर्फ वायुसेना के शौर्य की इस पराकाष्ठा को समाचारों के माध्यम से देखना जरूरी समझ रहे थे.
