छपरा(सारण) : सामूहिक दुष्कर्म के दोषी बख्शे नहीं जायेंगे. इसकी जांच चल रही है और पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है. उक्त बातें बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष दिलमणि मिश्रा व सदस्य नीलम सहनी ने जिला परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सोमवार को कहीं.
बिहार राज्य महिला आयोग की टीम एकमा थाना क्षेत्र के परसागढ स्थित दीपेश्वर बाल ज्ञान निकेतन स्कूल में छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच करने पहुंची थी. आयोग की टीम ने कहा कि घटना की सूचना जैसे ही उन्हें मिली, उन्होंने पुलिस अधीक्षक से घटना की पूरी जानकारी ली. उन्होंने कहा कि दुष्कर्म व सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं को काफी गंभीरता से लिया गया है. उन्होंने कहा कि अभी तक पुलिस को मेडिकल जांच रिपोर्ट नहीं मिला है.
जांच रिपोर्ट आने के बाद घटना की सच्चाई सामने आ जायेगी. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि बिना निबंधन के स्कूल कैसे चल रहा था और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई क्यों नहीं की.
इसकी भी जांच करायी जायेगी. सारण के बाद दरभंगा में स्कूल में छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना के बारे में पूछने पर आयोग की टीम ने कहा कि यह घटनाएं बहुत ही शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि महिला आयोग इस तरह की घटनाओं के प्रति काफी गंभीर है और अब तक जितनी घटना हुई है, उसमें कार्रवाई हुई है.
दोषियों को बख्शा नहीं जा रहा है. शनिवार को बिहार राज्य महिला आयोग कार्यालय में अवकाश रहता है लेकिन घटना की सूचना मिलने पर कार्यालय को खोलवाया गया और परसागढ़ स्थित दीपेश्वर बाल ज्ञान निकेतन स्कूल में छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस अधीक्षक से रिपोर्ट तलब किया गया. रिपोर्ट मिलने के बाद आयोग ने आज अपने दौरे का कार्यक्रम निर्धारित किया गया. आयोग के अध्यक्ष दिलमणी मिश्रा व सदस्य नीलम सहनी की दो सदस्यीय टीम ने सबसे पहले जिला परिसदन में पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की और घटना के बारे में विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी हासिल की. आयोग की टीम ने कहा कि पीड़ित छात्रा से मिल कर घटना की जानकारी लेने उसके घर टीम जा रही है.
उन्होंने कहा कि टीम स्कूल में भी जायेगी और अन्य छात्राओं से पूछताछ की जायेगी. आयोग सभी बिंदुओं का गहन अध्ययन कर रही है. अध्यक्ष व सदस्य ने पुलिस अधीक्षक व एसडीपीओ से घटना की जानकारी ली.
इसके अलावा महिला थानाध्यक्ष इंद्रा रानी से भी घटना के बारे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की. इस दौरान सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, भगवान बाजार थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र कुमार, महिला थानाध्यक्ष इंद्रा रानी समेत कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
