चार घायलों का पटना में चल रहा है इलाज
छपरा(सारण) : दुरौंधा सड़क दुर्घटना में मरने वालों की संख्या दो हो गयी है. शनिवार की रात में दुरौंधा थाना क्षेत्र के ढोलकिया पुल के पास छपरा-सीवान एनएच 85 पर सड़क दुर्घटना में घटना स्थल पर एक व्यक्ति की मौत हो गयी. जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घायलों में से एक व्यक्ति की मौत इलाज के दौरान हो गयी. घायलों में छपरा के पूर्व विधायक स्व. रामप्रवेश राय के पुत्र प्रिंस कुमार, नगर थाना के पुअनि नवीन कुमार, दहियावां मुहल्ले के बाबा राय, विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव के भतीजा कौशल नारायण समेत चार लोग शामिल हैं. इस घटना में मौके पर ही रामाधार सिंह (गार्जियन) की मौत हो गयी. जबकि इलाज के लिए सीवान सदर अस्पताल ले जाते समय ओमप्रकाश शर्मा के पुत्र धीरज शर्मा की मौत हो गयी.
कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर में यह घटना हुई थी. सभी लोग एक कार पर सवार होकर छपरा से पचरुखी थानाध्यक्ष से मिलने जा रहे थे. कार पर छह लोग सवार थे. तभी ढोलकिया पुल के समीप कार दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकाले. घायलों को सदर अस्पताल सीवान भेज दिया गया. सीवान सदर अस्पताल से चिकित्सकों ने सभी घायलों को इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर रविवार को पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया.
इस घटना के बाद से मृतकों व घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है. उसकी मां और बहन का रो-रो कर हाल बेहाल है और बहन की शादी करने की जिम्मेदारी भी धीरज पर थी. रामाधार सिंह भी पूर्व विधायक के घर के अभिन्न अंग थे.
