डीएम ने संबंधित सीओ, डीसीएलआर की रिपोर्ट के आधार पर जल संसाधन के कार्यपालक अभियंता को लिखा पत्र
छपरा (सदर) : आगामी संभावित बाढ़ के मद्देनजर जिले के विभिन्न प्रखंडों में अवस्थित 10 संवेदनशील तटबंधों-बांधी की मरम्मत का कार्य यथा शीघ्र शुरू करने का निर्देश डीएम सुब्रत कुमार सेन ने बाढ़ नियंत्रण सह जल निस्सरण प्रमंडल सारण के कार्यपालक अभियंता को दिया है.
साथ ही कहा है कि इन तटबंधों के मरम्मत-कटाव रोधी कार्य को करने में विभाग अथवा उच्च अधिकारी से मार्गदर्शन की आवश्यकता हो तो अविलंब प्राप्त कर कार्य शुरू करें. जिन संवेदशील तटबंधों को संबंधित सीओ के रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने मरम्मत का निर्देश दिया है. उनमें ये तटबंध शामिल हैं, जिनकी मरम्मत के दौरान निगरानी का जिम्मा संबंधित अनुमंडल के एसडीओ को दिया गया है.
इन तटबंधों में कई कमियों को उजागर किया है अंचलाधिकारियों ने : डीएम सुब्रत कुमार सेन ने इस निर्देश से संबंधित पत्र आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव, सारण के प्रमंडलीय आयुक्त, जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता तथा सभी एसडीओ एवं सीओ को भेजी है जिसमें डीएम ने आमी स्थित बांध के समीप ईंट भट्ठा के लगातार मिट्टी काटने के कारण बांध के क्षतिग्रस्त होने की बात बतायी गयी है. जिसपर डीएम ने सम्बधित ईंट भट्ठा संचालकों के खिलाफ नोटिस जारी करने का भी निर्देश दिया है. वहीं रामदासचक स्थित बांध के काफी पतला होने तथा इनकी स्थिति काफी खराब होने की बात बतायी गयी है. जबकि सबलपुर में डीसीएलआर सोनपुर ने भेजे रिपोर्ट में बताया है कि सबलपुर में पानी बढ़ने के साथ ही नजदीकी बस्ती में कटाव आरंभ हो गया है. वहीं मगरपाल छड़की में कैनाल के गाद की सफाई की जरूरत जतायी गयी है.
रिविलगंज के मोहब्बदपुर, सरैधा, जिगना स्थित बांध के स्लुइस गेटों की स्थिति खराब होने तथा इनई जमींदारी बांध की मरम्मत की जरूरत जतायी गयी है. जलालपुर स्थित सोंधी नदी के कोपा स्थित बांध के 10 किलोमीटर में जर्जर होने तथा मांझी के नरवन जमिंदारी बांध के अलावा भगवनपुर सरौजा बांध के अधूरे कार्य को पूरा करने की जरूरत जतायी गयी है.
